
विकास नंद/सर्वव्यापी

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धान खरीदी प्रक्रिया को सुगम, पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने फसल प्रविष्टि एवं भूमि संबंधी अभिलेखों में विसंगतियों को दूर करने की पहल तेज कर दी है। DCS एवं PV ऐप के माध्यम से फसल प्रविष्टि को लेकर प्राप्त दावा-आपत्तियों का सत्यापन कर उनका निराकरण किया जाएगा। इस संबंध में खाद्य एवं राजस्व विभाग को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्देशानुसार, ऐसे किसानों के खसरों की मैपिंग कराई जाएगी, जो फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज हैं, लेकिन खसरा मैप में प्रदर्शित नहीं हो रहे हैं। इसके लिए संबंधित समितियों की आईडी में ‘एग्रीस्टैक से धान खरीदी हेतु भूमि विवरण सिंक करें’ विकल्प उपलब्ध कराया गया है। खसरा मैपिंग की प्रक्रिया धान खरीदी अवधि यानी 15 जनवरी 2027 तक की जा सकेगी, ताकि पात्र किसानों को धान विक्रय में किसी प्रकार की परेशानी न हो।इसी तरह, DCS में अन्य फसल दर्ज होने के बावजूद धान की खेती करने का दावा करने वाले किसानों तथा DCS एवं PV ऐप में फसल प्रविष्टि के लिए उपलब्ध नहीं होने के कारण सर्वेक्षण से छूटे खसरों का संबंधित तहसीलदार के माध्यम से भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। इस दौरान राजस्व अभिलेखों का मिलान कर खेत में बोई गई वास्तविक फसल और उसके रकबे की जांच की जाएगी। प्रत्येक प्रकरण में मौका पंचनामा तैयार करने के साथ वास्तविक फसल स्थिति प्रमाणित करने वाले स्थल के फोटोग्राफ भी संलग्न किए जाएंगे।भौतिक सत्यापन के बाद सही एवं अद्यतन जानकारी निर्धारित प्रारूप में संकलित कर सक्षम प्राधिकारी से अनुमोदन प्राप्त किया जाएगा। इसके बाद फसल प्रविष्टि एवं संशोधन संबंधी आगामी कार्रवाई के लिए जानकारी 30 नवंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने समय-सीमा में निराकरण के दिए निर्देश
कलेक्टर विनय लंगेह ने जिले के समस्त राजस्व एवं खाद्य अधिकारियों को प्राप्त दावा-आपत्तियों का गंभीरता से सत्यापन कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए भूमि एवं फसल संबंधी अभिलेखों में पारदर्शिता और शुद्धता बनाए रखते हुए सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से कार्रवाई करें।



