विकास नंद/ सर्वव्यापी

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत महासमुंद जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी ने रफ्तार पकड़ ली है। जिले के सभी 202 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है। किसानों की सुविधा, खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता और उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है।24 नवंबर तक जिले में कुल 23,807 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। जिले में पंजीकृत 1,62,566 किसानों में से अब तक 5,871 किसान अपना धान बेच चुके हैं। वहीं, 25 नवंबर के लिए किसानों को कुल 1,785 टोकन जारी किए गए हैं। इन टोकनों के माध्यम से आज 8,119 क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।कलेक्टर विनय लंगेह के मार्गदर्शन में धान खरीदी व्यवस्था को व्यवस्थित, पारदर्शी एवं किसान हितैषी बनाने के लिए नोडल अधिकारी लगातार उपार्जन केंद्रों का दौरा कर रहे हैं। कलेक्टर स्वयं भी विभिन्न धान उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं तथा किसानों से सीधे संवाद कर खरीदी की वास्तविक स्थिति का आकलन कर रहे हैं।निरीक्षण के दौरान किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, तौल व्यवस्था, बारदाने की उपलब्धता, धान की गुणवत्ता, टोकन एवं खरीदी प्रक्रिया की समीक्षा की जा रही है। साथ ही आवश्यक सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जा रहे हैं।अवैध धान के भंडारण एवं परिवहन पर प्रशासन की पैनी नजरसमर्थन मूल्य पर धान खरीदी के साथ ही जिले में अवैध धान के भंडारण, परिवहन एवं खपाने की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त जांच टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।अब तक जिले में जब्ती के 59 प्रकरणों में कुल 6,322 क्विंटल धान जब्त किया जा चुका है। इसके अलावा एक राइस मिल का भौतिक सत्यापन भी किया गया है।बीते दो दिनों में ही जांच दलों ने 1,534 बोरी अवैध धान जब्त किया है। सीमावर्ती क्षेत्रों, चेकपोस्ट, मंडियों, व्यापारियों एवं संदिग्ध भंडारण स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि समर्थन मूल्य पर खरीदी व्यवस्था का दुरुपयोग न हो और वास्तविक किसानों को इसका लाभ मिल सके।किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकताजिला प्रशासन का प्रयास है कि धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा उनकी उपज का व्यवस्थित और समयबद्ध उपार्जन सुनिश्चित किया जा सके। इसके लिए खरीदी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने, अधिकारियों के मैदानी दौरे और केंद्रों की सतत निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देशन में जिले में धान खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता, अवैध धान भंडारण या परिवहन पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


