Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

वर्षों से सब्जी बेच रहे व्यापारियों की आजीविका पर संकट! 38 दुकानों की नीलामी निरस्त करने कलेक्टर से लगाई गुहार, (No Profit, No Loss) पर दुकान आवंटन की उठी मांग।

विकास नंद सर्वव्यापी

कृषि उपज मंडी समिति सरायपाली द्वारा पुरानी मंडी प्रांगण स्थित सब्जी बाजार की 38 दुकानों की नीलामी 5 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित किए जाने के बाद स्थानीय सब्जी व्यापारियों में नाराजगी है। नीलामी प्रक्रिया का विरोध करते हुए आम सब्जी व्यापारियों ने कलेक्टर महासमुंद के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सरायपाली के माध्यम से सामूहिक आवेदन सौंपकर नीलामी निरस्त करने तथा दुकानों को लागत मूल्य (No Profit, No Loss) पर आवंटित करने की मांग की है।

व्यापारियों ने अपने आवेदन में बताया है कि मंडी समिति द्वारा पत्र क्रमांक 849, दिनांक 19 नवंबर 2026 के माध्यम से दुकान क्रमांक 01 से 38 तक की नीलामी सूचना जारी की गई है। इसके तहत 5 दिसंबर को कुल 38 दुकानों की नीलामी निर्धारित की गई है। व्यापारियों का कहना है कि पूर्व में मंडी सचिव द्वारा आश्वासन दिया गया था कि दुकानें बनने के बाद वर्षों से सब्जी का कारोबार कर रहे पुराने व्यापारियों को प्राथमिकता दी जाएगी, लेकिन वर्तमान नीलामी प्रक्रिया से उनकी उम्मीदों को झटका लगा है।

नीलामी की शर्तें गरीब व्यापारियों के लिए बनेंगी बाधा

आवेदन के अनुसार नीलामी में 17,655 रुपये धरोहर राशि, 44,137 रुपये प्रीमियम राशि तथा 15,888 रुपये वार्षिक किराया निर्धारित किया गया है। व्यापारियों का कहना है कि नीलामी में अधिक बोली लगने की स्थिति में आर्थिक रूप से कमजोर स्थानीय सब्जी व्यापारी दुकानें लेने से वंचित हो सकते हैं। इससे वर्षों से सब्जी बेचकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले छोटे व्यापारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो सकता है।

35-40 वर्षों से फुटपाथ पर कर रहे कारोबार

व्यापारियों ने आवेदन में उल्लेख किया है कि वे पिछले 35 से 40 वर्षों से सरायपाली में फुटपाथ, साप्ताहिक बाजार और बस स्टैंड के आसपास सब्जी बेचकर आजीविका चला रहे हैं। सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण उनके लिए ऊंची बोली लगाकर दुकान प्राप्त करना संभव नहीं है। उनका तर्क है कि मंडी व्यवस्था का उद्देश्य किसानों और छोटे व्यापारियों को सुविधा उपलब्ध कराना होना चाहिए, न कि ऐसी प्रक्रिया अपनाना जिससे गरीब और पारंपरिक व्यापारियों के लिए व्यवसाय करना मुश्किल हो जाए।

कलेक्टर से की तीन प्रमुख मांगें

सामूहिक आवेदन के माध्यम से व्यापारियों ने 5 दिसंबर को प्रस्तावित नीलामी तत्काल निरस्त अथवा स्थगित करने, सभी 38 दुकानों को नीलामी के बजाय लागत मूल्य (No Profit, No Loss) पर वास्तविक एवं स्थानीय सब्जी व्यापारियों को आवंटित करने तथा आवंटन में विधवा, बीपीएल, दिव्यांग और वर्षों से सब्जी बेचकर परिवार चलाने वाले गरीब व्यापारियों को प्राथमिकता देने की मांग की है।इसके साथ ही आवंटन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए लॉटरी अथवा पहले आओ-पहले पाओ की व्यवस्था अपनाने की अपील भी की गई है।

अब देखना होगा कि स्थानीय सब्जी व्यापारियों की इस मांग पर जिला प्रशासन और कृषि उपज मंडी समिति क्या निर्णय लेते हैं।

फिलहाल 38 दुकानों की प्रस्तावित नीलामी को लेकर व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है। यह मामला केवल दुकानों के आवंटन तक सीमित नहीं, बल्कि वर्षों से छोटे स्तर पर कारोबार कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे स्थानीय व्यापारियों की आजीविका से भी जुड़ा हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!