
तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी
छत्तीसगढ़ में नए जिलों के गठन का इतिहास विकास, प्रशासनिक सुविधा और जनभावनाओं से जुड़ा रहा है। जब 1 नवंबर 2000 को मध्यप्रदेश से अलग होकर छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हुआ था, तब प्रदेश में महज 16 जिले थे। इसके बाद समय-समय पर सरकारों ने प्रशासनिक विकेंद्रीकरण और आम जनता को जिला मुख्यालय तक बेहतर पहुंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नए जिलों का गठन किया। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में नए जिलों के गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ी, वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल में भी कई नए जिले अस्तित्व में आए। अब प्रदेश में एक बार फिर नए जिले के गठन को लेकर क्षेत्रीय मांग और राजनीतिक चर्चाओं को बल मिल रहा है। इसी कड़ी में महासमुंद जिले के सरायपाली को नया जिला बनाने की मांग एक महत्वपूर्ण सवाल बनकर सामने आ रही है।महासमुंद जिला मुख्यालय से सरायपाली की दूरी लगभग 120 से 130 किलोमीटर बताई जाती है। ऐसे में सरायपाली, बसना और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को छोटे-बड़े प्रशासनिक कार्यों के लिए जिला मुख्यालय तक पहुंचने में काफी समय, पैसा और मेहनत खर्च करनी पड़ती है। राजस्व संबंधी प्रकरण हों, सरकारी विभागों के कामकाज हों अथवा अन्य प्रशासनिक जरूरतें, लंबी दूरी तय करना आम नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बनता है। यही वजह है कि सरायपाली को जिला बनाने की मांग कोई नई राजनीतिक मांग नहीं, बल्कि लंबे समय से चली आ रही क्षेत्रीय जनभावना है। स्थानीय स्तर पर यह मांग वर्ष 1984 से भी पहले से उठने की बात कही जाती रही हैइस मांग को राजनीतिक स्तर पर भी लगातार उठाया गया है। सरायपाली की विधायक चातुरी नंद ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के समक्ष सरायपाली को नया जिला बनाने का विषय प्रमुखता से रखा है। मई 2025 में इस संबंध में मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपे जाने की खबर भी सामने आई थी। वहीं अक्टूबर 2025 में इस मांग को लेकर महासमुंद कलेक्टर से विस्तृत प्रशासनिक प्रतिवेदन मांगे जाने की खबरें भी प्रकाशित हुईं। इससे क्षेत्रवासियों की उम्मीदों को नई ताकत मिली है। हालांकि शासन की ओर से अभी तक सरायपाली को जिला बनाने की अंतिम आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है। सरायपाली को जिला बनाने के पक्ष में सबसे बड़ा तर्क इसकी भौगोलिक स्थिति और उपलब्ध प्रशासनिक सुविधाएं हैं। यह क्षेत्र छत्तीसगढ़ और ओडिशा की सीमा से लगा हुआ एक महत्वपूर्ण व्यापारिक केंद्र है। यहां शासकीय विभागों के कार्यालय, अस्पताल, न्यायिक सुविधाएं, केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय और राष्ट्रीयकृत बैंकों जैसी व्यवस्थाएं मौजूद हैं। ऐसे में यदि सरायपाली को जिला बनाया जाता है तो न केवल प्रशासनिक कामकाज में तेजी आएगी, बल्कि आसपास के गांवों में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सरकारी सेवाओं की पहुंच भी बेहतर हो सकती है।अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इस क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने की दिशा में ऐतिहासिक निर्णय लेंगे? छत्तीसगढ़ में पूर्ववर्ती सरकारों ने नए जिलों के गठन को प्रशासनिक विकेंद्रीकरण का माध्यम बनाया है। ऐसे में वर्तमान सरकार के सामने भी यह अवसर है कि वह सरायपाली की भौगोलिक परिस्थितियों, जनसंख्या, प्रशासनिक जरूरतों और क्षेत्रवासियों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए ठोस निर्णय ले। निश्चित रूप से नया जिला बनाने का निर्णय केवल राजनीतिक घोषणा नहीं होना चाहिए, बल्कि इसके पीछे मजबूत प्रशासनिक और वित्तीय आधार भी होना आवश्यक है।सरायपाली की जनता अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस पहल और निर्णय की अपेक्षा कर रही है। यदि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरायपाली को नया जिला बनाने की घोषणा करते हैं तो यह महासमुंद जिले के दूरस्थ अंचल के लिए एक बड़ी सौगात साबित हो सकती है। सवाल अब यही है कि क्या मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरायपाली की जनता को नए जिले की सौगात देकर प्रदेश में प्रशासनिक विकेंद्रीकरण की एक और नई इबारत लिखेंगे, या फिर सरायपाली को जिला बनाने का सपना अभी और इंतजार करेगा? आने वाला समय इस सवाल का जवाब देगा।



