
विकास नंद/ सर्वव्यापी
80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने शुक्रवार को मिनी स्टेडियम पहुंचकर आयोजन स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने मंच, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था और मैदान की तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमापूर्ण, सुव्यवस्थित और सुरक्षित वातावरण में आयोजित किया जाए। उन्होंने मंच की आकर्षक सजावट, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम तथा बैरिकेडिंग को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। साथ ही दर्शकों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल, सुगम प्रवेश-निकास और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।कलेक्टर ने स्कूली विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देशभक्ति की भावना के साथ छत्तीसगढ़ की स्थानीय संस्कृति और लोक परंपराओं को प्रमुखता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों में राष्ट्रीय गौरव के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत भी झलकनी चाहिए।मौसम की संभावना को देखते हुए कलेक्टर ने सभी पंडालों को वाटरप्रूफ बनाने के निर्देश दिए। वहीं स्वास्थ्य विभाग को समारोह स्थल पर पर्याप्त मात्रा में ओआरएस उपलब्ध रखने तथा एक मेडिकल टीम तैनात करने के लिए कहा, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू सहित पुलिस विभाग, लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, आदिवासी विकास विभाग तथा आयोजन से जुड़े विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



