
विकास नंद/सर्वव्यापी
सेवा संकल्प अभियान के तहत आगामी 2 अक्टूबर को महासमुंद जिले में वृहद रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिले के पांचों विकासखंडों तुमगांव, बागबाहरा, पिथौरा, बसना और सरायपाली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों सहित मेडिकल कॉलेज महासमुंद में एक साथ रक्तदान शिविर आयोजित होंगे।कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी विकासखंडों में शिविर की तैयारियां पूरी की जा रही हैं। रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने और अधिक से अधिक नागरिकों को इस सेवा अभियान से जोड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
एक यूनिट रक्त, किसी के जीवन की नई उम्मीद
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि रक्तदान मानव सेवा का ऐसा कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से 2 अक्टूबर को आयोजित रक्तदान शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आपके द्वारा दिया गया एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के जीवन में नई उम्मीद ला सकता है।
इन नंबरों पर मिलेगी शिविर की जानकारी
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी रामकेश्वर सिंह कुशवाहा ने बताया कि इच्छुक रक्तदाता शिविर से संबंधित जानकारी के लिए विकासखंडवार संपर्क नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।सरायपाली: 97533-83880तुमगांव: 99269-89433पिथौरा: 78058-95789बागबाहरा: 93019-47375बसना: 72473-56234स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे 2 अक्टूबर को अपने नजदीकी रक्तदान शिविर में पहुंचकर रक्तदान करें और सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने में सहभागी बनें।


