Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

अटल जी के सपनों का छत्तीसगढ़ विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर : सांसद रूपकुमारी चौधरी।

विकास नंद/ (सर्वव्यापी)

छत्तीसगढ़ राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित मिनी स्टेडियम में 2 नवंबर को जिला स्तरीय राज्योत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद रूपकुमारी चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामय उपस्थिति में प्रदेश की विकास यात्रा, उपलब्धियों और सांस्कृतिक विरासत की आकर्षक झलक देखने को मिली।

मुख्य अतिथि सांसद रूपकुमारी चौधरी ने जिलेवासियों को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सुशासन और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार की जनहितकारी पहल से प्रदेश के सभी वर्गों में सकारात्मक वातावरण निर्मित हुआ है। उन्होंने कहा कि ‘हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे’ की भावना के साथ छत्तीसगढ़ को विकास और समृद्धि के नए आयामों तक ले जाने का संकल्प पूरा किया जा रहा है।

सांसद चौधरी ने छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण में भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के ऐतिहासिक योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी निर्णय से छत्तीसगढ़ को पृथक राज्य के रूप में पहचान मिली। अटल जी का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करने की दिशा में प्रदेश सरकार निरंतर कार्य कर रही है। किसानों, महिलाओं, युवाओं और जरूरतमंद परिवारों के हित में अनेक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। आगामी 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ होगी। इसके साथ ही सड़क, आवास, शिक्षा, पंचायत और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।उन्होंने जिले में ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक धरोहर सिरपुर को यूनेस्को की विश्व धरोहर की अस्थायी सूची में शामिल किए जाने पर जिलेवासियों को बधाई दी। सांसद ने राज्योत्सव के सुव्यवस्थित एवं भव्य आयोजन के लिए जिला प्रशासन की सराहना करते हुए नागरिकों से शासन की योजनाओं का लाभ उठाने और विकास की प्रक्रिया में सहभागी बनने का आह्वान किया।

विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा छत्तीसगढ़ : विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा

महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने राज्योत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं और उद्यमियों के हितों को ध्यान में रखकर योजनाओं का संचालन कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी तथा महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं के खातों में प्रतिमाह एक हजार रुपये की राशि पहुंचना सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियां हैं। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण कर प्रदेशवासियों को ऐतिहासिक सौगात दी थी। आज राज्य सरकार उनकी परिकल्पना के अनुरूप प्रदेश को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही है।

किसानों और युवाओं का सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता : चंद्रहास चंद्राकर

छत्तीसगढ़ बीज विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो रहा है। किसानों को आर्थिक संबल, महिलाओं को आत्मनिर्भरता और युवाओं को शिक्षा के साथ रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण बीजों की उपलब्धता और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया।

शाकंभरी बोर्ड के अध्यक्ष राजेंद्र नायक ने प्रदेशवासियों को राज्योत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने तथा महिलाओं और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल चौहान ने कहा कि विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय एवं सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।

विकास की उपलब्धियों से गौरवान्वित हुआ महासमुंद जिला : कलेक्टर विनय कुमार लंगेह

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिले की विकास यात्रा और विभिन्न योजनाओं की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि महासमुंद जिले ने निर्माण कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। जिले की ऐतिहासिक धरोहर सिरपुर का यूनेस्को की विश्व धरोहर की अस्थायी सूची में शामिल होना पूरे जिले के लिए गौरव की बात है।उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत जिले की लगभग 3 लाख 8 हजार महिलाओं को लाभ मिल रहा है। लखपति दीदी अभियान में निर्धारित लक्ष्य 22,546 के मुकाबले 32,799 महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जा चुका है। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 1,17,866 आवासों का निर्माण पूर्ण हो चुका है। वहीं प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से 5,400 से अधिक हितग्राही लाभान्वित हो रहे हैं।

कलेक्टर ने बताया कि मोर गांव-मोर पानी अभियान के तहत जल संरक्षण के विभिन्न कार्यों से लगभग 31 करोड़ लीटर वर्षाजल संचयन की क्षमता विकसित की गई है। जिले में 204 करोड़ रुपये से अधिक लागत के छह सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। बेलसोंडा रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण भी पूर्णता की ओर है। महासमुंद मेडिकल कॉलेज के नए भवन का निर्माण अंतिम चरण में है। इसके अलावा नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए 6.50 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक बस स्टैंड तथा 3 करोड़ रुपये की लागत से नए नगरपालिका भवन के निर्माण की योजना है।

16 विभागों की प्रदर्शनी में दिखी शासन की उपलब्धियां

राज्योत्सव में विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा अपनी योजनाओं, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी गतिविधियों को प्रदर्शित करने के लिए 16 आकर्षक स्टॉल लगाए गए। सांसद रूपकुमारी चौधरी सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया तथा अधिकारियों से योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी ली।प्रदर्शनी में कृषि, उद्यानिकी, जिला पंचायत, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, वन विभाग और जनसंपर्क सहित विभिन्न विभागों ने अपनी गतिविधियों और योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाई। इन स्टॉलों के माध्यम से लोगों को शासन की योजनाओं, पात्रता और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।

लोक संस्कृति की रंगारंग प्रस्तुतियों ने मोहा मन

राज्योत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय स्कूल एवं कॉलेज के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ की लोककला, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत पर आधारित लोकनृत्य एवं रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। पूरा आयोजन प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और विकास यात्रा का जीवंत प्रतिबिंब बना।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा पटेल, छत्तीसगढ़ बीज विकास निगम अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, शाकंभरी बोर्ड अध्यक्ष राजेंद्र नायक, अनुसूचित जाति आयोग अध्यक्ष रामलाल चौहान, राज्य बाल संरक्षण आयोग अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा, भारत स्काउट गाइड संघ अध्यक्ष येतराम साहू, जनपद उपाध्यक्ष हुलसी चंद्राकर, सदस्य विजय लक्ष्मी जांगड़े, नगरपालिका सरायपाली अध्यक्ष सरस्वती चंद्र कुमार पटेल, नगरपालिका महासमुंद उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, आनंद साहू, महेंद्र सिक्का, प्रशांत श्रीवास्तव, महेंद्र जैन, सुधा साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

प्रशासनिक अधिकारियों में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा, सचिन भूतड़ा, रवि कुमार साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।राज्योत्सव का यह आयोजन छत्तीसगढ़ की 26 वर्षों की विकास यात्रा, अटल बिहारी वाजपेयी के राज्य निर्माण के संकल्प और समृद्ध, सशक्त एवं विकसित छत्तीसगढ़ के सपने को साकार करने की दिशा में सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक बना।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!