NewsGPMछत्तीसगढ़

जब प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं को दी चेतावनी-‘नशा नहीं, राष्ट्र निर्माण चुनिए’… डोंगरिया में हजारों युवाओं ने लिया ऐतिहासिक संकल्प।

नूर मोहम्मद,जिला ब्यूरो चीफ, (सर्वव्यापी)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को देशव्यापी “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” संकल्प अभियान का शुभारंभ करते हुए युवाओं से नशे को पूरी तरह त्यागकर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री के इस प्रेरक संदेश की गूंज गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले तक पहुंची, जहां डोंगरिया स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हजारों युवाओं, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।

नई दिल्ली से आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम के सीधा प्रसारण को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र की ऊर्जा एवं क्षमता को कमजोर करता है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की।

प्रधानमंत्री ने बताया कि इस अभियान से देशभर के एक करोड़ से अधिक युवा जुड़ रहे हैं, जो विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने अभिभावकों से भी अपने बच्चों को नशे जैसी सामाजिक बुराई से बचाने का आग्रह किया।

जिले में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक एवं मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रणव कुमार मरपची ने प्रधानमंत्री के संदेश को आगे बढ़ाते हुए उपस्थित युवाओं एवं नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों का सेवन न करने, समाज को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने तथा स्वस्थ एवं सशक्त युवा शक्ति के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह, कलेक्टर विजय दयाराम के., डीएफओ ग्रीष्मी चांद, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे, अपर कलेक्टर दिलेराम डाहिरे सहित जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालय एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थी, एनएसएस, एनसीसी, माय भारत वॉलेंटियर्स, युवा क्लबों के सदस्य तथा बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा स्वागत गीत एवं देशभक्ति गीत की आकर्षक प्रस्तुति से हुआ। कार्यक्रम के समापन पर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत विधायक, कलेक्टर, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इस अवसर पर नशामुक्त, जागरूक और विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!