
विकास नंद/सर्वव्यापी
शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध चिकित्सालय, महासमुंद में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और संस्थागत विकास को नई गति देने के उद्देश्य से संभागायुक्त श्यामलाल धावड़े की अध्यक्षता में स्वशासी समिति (गवर्निंग बॉडी) की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह भी उपस्थित रहे।मेडिकल कॉलेज परिसर में आयोजित बैठक में महाविद्यालय एवं संबद्ध चिकित्सालय से जुड़े 23 महत्वपूर्ण एजेंडों पर विस्तार से चर्चा कर कई अहम प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई। इनमें वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित बजट का अनुमोदन, नए स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों की शुरुआत, आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की खरीदी, मल्टीफंक्शनल प्रोजेक्टर, वाटर कूलर, मल्टीफंक्शनल जिम, छात्रावास मरम्मत तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास से जुड़े प्रस्ताव प्रमुख रहे।
बैठक में अस्पताल में मॉड्यूलर किचन विकसित करने, ओपीडी में कियोस्क सुविधा उपलब्ध कराने, विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, ब्लड स्टोरेज सेंटर को मॉडल ब्लड सेंटर के रूप में विकसित करने तथा विभागों के लिए हल्के मालवाहक वाहन एवं आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की खरीदी पर भी चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए।इसके अतिरिक्त आउटसोर्स कर्मचारियों की व्यवस्था, विशेषज्ञ चिकित्सकों के नामांकन, चिकित्सकों के प्रशिक्षण, बैंक खाते के स्थानांतरण तथा संबद्ध चिकित्सालय के वित्तीय एवं प्रशासनिक विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में मेडिकल कॉलेज की अधिष्ठाता डॉ. रेणुका गहिने सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं चिकित्सा विशेषज्ञ उपस्थित रहे।
समिति के निर्णयों से मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, आधुनिक संसाधनों की उपलब्धता तथा मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होने की उम्मीद है।


