Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

संभागायुक्त श्याम धावड़े ने चिवराकुटा और मल्दामाल अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट का किया निरीक्षण, एसडीएम एवं तहसील कार्यालयों की व्यवस्थाएं भी परखीं।

विकास नंद/ सर्वव्यापी

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने के साथ ही महासमुंद जिले में अवैध धान परिवहन एवं भंडारण पर प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। इसी क्रम में रायपुर संभागायुक्त श्याम धावड़े ने बुधवार को ओडिशा सीमा से लगे अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट चिवराकुटा एवं मल्दामाल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सीमावर्ती चेक पोस्टों पर 24 घंटे कड़ी निगरानी रखी जाए और अवैध रूप से धान का परिवहन करने वालों के विरुद्ध तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए।

निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने चेक पोस्टों पर तैनात कर्मचारियों की उपस्थिति, ड्यूटी व्यवस्था, संधारित रजिस्टर और निगरानी संबंधी इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि चेक पोस्टों पर तैनात सभी अधिकारी-कर्मचारी निर्धारित समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने धान सहित अन्य कृषि उपज के परिवहन पर लगातार नजर रखने, संदिग्ध वाहनों की गंभीरता से जांच करने तथा अवैध परिवहन रोकने के लिए राजस्व, खाद्य, मंडी एवं अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। संभागायुक्त ने विशेष रूप से ओडिशा सीमा से होने वाली धान की अवैध आवक पर सतर्कता बरतने को कहा।

राजस्व प्रकरणों के निराकरण में न हो अनावश्यक देरी

चेक पोस्टों के निरीक्षण के बाद संभागायुक्त ने एसडीएम कार्यालय, तहसील एवं नायब तहसील कार्यालय का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राजस्व विभाग के कामकाज, लंबित प्रकरणों की स्थिति और आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की।उन्होंने राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के अंतर्गत प्राप्त प्रकरणों का नियमानुसार त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सीमांकन, डायवर्सन, बंटवारा सहित अन्य राजस्व मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने और निर्धारित समय-सीमा में निराकृत करने पर जोर दिया।कार्यालयीन अभिलेखों एवं दस्तावेजों के संधारण की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी रिकॉर्ड व्यवस्थित और अद्यतन रखने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालयों में साफ-सफाई, सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली और आम नागरिकों के लिए सुविधाजनक वातावरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व कार्यालयों में आने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए तथा उनके आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की जाए।

धान खरीदी की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा

संभागायुक्त धावड़े ने जिले में समर्थन मूल्य पर हो रही धान खरीदी के नवीनतम आंकड़ों की जानकारी लेकर खरीदी व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना, किसानों की सुविधाओं का ध्यान रखना और अवैध धान की आवक पर प्रभावी नियंत्रण करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।उन्होंने अधिकारियों को सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा, तहसीलदार श्रीधर पंडा, नोडल अधिकारी अविनाश वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!