विकास नंद/सर्वव्यापी

छत्तीसगढ़ में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई की गई है। ऑपरेशन निश्चय के अंतर्गत एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं सिंघोड़ा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर रेहटीखोल के पास घेराबंदी कर मालवाहक माजदा ट्रक से गांजा की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने 77.620 किलोग्राम गांजा के साथ महाराष्ट्र के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स को मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ ही तस्करी के स्रोत, गंतव्य और आर्थिक नेटवर्क की जांच करने के निर्देश प्राप्त हुए हैं। इसी क्रम में जिले में लगातार वाहन जांच एवं निगरानी की जा रही है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गेरुआ रंग के आयशर माजदा प्रो 3019 ट्रक क्रमांक MH 45 AE 9708 में गांजा लेकर ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर तस्करी की जा रही है।सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने एनएच-53 स्थित ग्राम रेहटीखोल के पास नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहन का इंतजार किया। कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए का ट्रक वहां पहुंचा, जिसे पुलिस ने रोककर तलाशी ली। वाहन में सवार लोगों ने अपनी पहचान गणेश शिंदे (35 वर्ष), निवासी आवडी, थाना मोहड, जिला सोलापुर तथा रविराज बालू सुडके (19 वर्ष), निवासी भिकवडी आडगांव, थाना विट्टा, जिला सांगली, महाराष्ट्र के रूप में बताई।प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपी पुलिस को गोलमोल जवाब देने लगे। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने ट्रक के डाले में गांजा होने की जानकारी दी। तलाशी के दौरान तीन बोरियों में छिपाकर रखा गया कुल 77.620 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के सोनपुर जिले से लोड कर महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में ले जाने की बात बताई।पुलिस ने मौके से 38 लाख 81 हजार रुपये कीमत का गांजा, तस्करी में प्रयुक्त आयशर माजदा ट्रक जिसकी कीमत 10 लाख रुपये बताई गई है तथा दो मोबाइल फोन कीमत 14 हजार रुपये जब्त किए हैं। इस तरह पुलिस ने कुल 48 लाख 95 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
मामले में दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना सिंघोड़ा में अपराध क्रमांक 142/2026 के तहत धारा 20(बी)(II)(सी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब गांजा उपलब्ध कराने वाले स्रोत, इसे मंगाने वाले व्यक्तियों तथा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। इसके लिए वित्तीय लेन-देन और तस्करी के अन्य संपर्कों की भी गहन जांच की जा रही है।तस्करी के
अंतरराज्यीय नेटवर्क पर पुलिस की नजर
ओडिशा से छत्तीसगढ़ होते हुए महाराष्ट्र तक मादक पदार्थों की खेप पहुंचाने की इस कोशिश ने एक बार फिर अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के नेटवर्क को उजागर किया है। पुलिस की जांच अब केवल गांजा परिवहन करने वाले आरोपियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे सक्रिय आपूर्तिकर्ताओं और खरीदारों तक पहुंचने पर भी केंद्रित है।




