
विकास नंद/ सर्वव्यापी

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य खेल अलंकरण समारोह में महासमुंद जिले के खिलाड़ियों ने शानदार उपलब्धि हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया। पैरा एथलेटिक्स के प्रतिभाशाली खिलाड़ी लक्की यादव को शहीद राजीव पांडेय पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जबकि सुखदेव एवं निखिल यादव को शहीद कौशल यादव पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं महिला आरक्षक एवं वुशु खिलाड़ी प्रियंका ठाकुर को शहीद पंकज विक्रम सम्मान से नवाजा गया। महासमुंद की बेटी चांदनी साहू की सीनियर महिला तीरंदाजी टीम को वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के लिए मुख्यमंत्री ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित राज्य खेल अलंकरण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वर्ष 2023-24, 2024-25 एवं 2025-26 के लिए 126 उत्कृष्ट खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को राज्य खेल अलंकरण प्रदान किए।
समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव, केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल एवं विजय बघेल सहित अन्य विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खेल के मैदान में खिलाड़ी का परिश्रम, अनुशासन और संघर्ष केवल उसकी व्यक्तिगत उपलब्धि तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उसकी सफलता से पूरे प्रदेश और देश का गौरव बढ़ता है। राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को संसाधनों और अवसरों की कमी के कारण पीछे न रहना पड़े।
लक्की यादव को 3 लाख रुपए का शहीद राजीव पांडेय पुरस्कार
महासमुंद जिले के फार्च्यून नेत्रहीन विद्यालय करमापटपर, बागबाहरा के पैरा एथलेटिक्स खिलाड़ी लक्की यादव को वर्ष 2025-26 के लिए शहीद राजीव पांडेय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें अलंकरण फलक, प्रमाण पत्र एवं 3 लाख रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। लक्की यादव ने विश्व पैरा एथलेटिक्स 2026, नई दिल्ली में रजत पदक हासिल कर प्रदेश और जिले का नाम रोशन किया है।
सुखदेव को शहीद कौशल यादव पुरस्कार
पैरा एथलेटिक्स खिलाड़ी सुखदेव को वर्ष 2024-25 के लिए शहीद कौशल यादव पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें अलंकरण फलक, प्रमाण पत्र एवं 1.50 लाख रुपए की राशि प्रदान की गई।सुखदेव ने वर्ष 2024-25 में 23वीं नेशनल पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप, चेन्नई में स्वर्ण पदक प्राप्त किया। इसके अलावा 13वीं जूनियर नेशनल एवं सब जूनियर पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप, बेंगलुरू में भी स्वर्ण पदक जीता था। उन्होंने 12वीं जूनियर नेशनल एवं सब जूनियर पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप, गुजरात में भी स्वर्ण पदक हासिल किया था।
निखिल यादव को भी मिला शहीद कौशल यादव पुरस्कार
पैरा एथलेटिक्स खिलाड़ी निखिल यादव को वर्ष 2025-26 के लिए शहीद कौशल यादव पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें अलंकरण फलक, प्रमाण पत्र एवं 1.50 लाख रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। निखिल यादव ने 14वीं जूनियर नेशनल एवं सब जूनियर पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप, ग्वालियर में स्वर्ण पदक हासिल कर शानदार प्रदर्शन किया था।
प्रियंका ठाकुर को शहीद पंकज विक्रम सम्मान
महासमुंद जिले के तुमगांव थाना में पदस्थ महिला आरक्षक प्रियंका ठाकुर को वुशु खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वर्ष 2023-24 का शहीद पंकज विक्रम सम्मान प्रदान किया गया।प्रियंका ठाकुर वर्ष 2016 से लगातार राष्ट्रीय सीनियर वुशु चैम्पियनशिप में भाग ले रही हैं और छत्तीसगढ़ राज्य को दो बार कांस्य पदक दिलाने में सफल रही हैं। राष्ट्रीय स्तर पर उनके लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य खेल अलंकरण समारोह 2026 में उन्हें सम्मानित किया गया।
चांदनी साहू की टीम को तीरंदाजी में मुख्यमंत्री ट्रॉफी
महासमुंद की बेटी एवं प्रतिभाशाली तीरंदाज चांदनी साहू, पिता बलदेव साहू, की सीनियर महिला तीरंदाजी टीम को वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के लिए मुख्यमंत्री ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि महासमुंद जिले के तीरंदाजी खिलाड़ियों के लिए गर्व का विषय है।
कलेक्टर ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने खेल अलंकरण प्राप्त खिलाड़ियों एवं उनके परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने जिले में खेल गतिविधियों के विकास तथा खेल अकादमी स्थापित करने के लिए प्रयास किए जाने की बात कही।इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे, निरंजन साहू, खिलाड़ियों के गुरुजन एवं पालक उपस्थित रहे।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर राज्य पैरा एथलेटिक्स संघ के सचिव डीकेश टंडन, जिला पैरा स्पोर्ट्स संघ के सचिव तोरण यादव एवं पदाधिकारियों सहित डॉ. पूर्णेन्द्र चंद्राकर, जिला तीरंदाजी संघ बागबाहरा के अध्यक्ष डॉ. विकास अग्रवाल, सचिव एवं एनआईएस तीरंदाजी प्रशिक्षक एवन कुमार साहू, अरविंद छाबड़ा, रिंकल बग्गा, सोमनाथ साहू सहित विभिन्न खेल संगठनों, प्रशिक्षकों एवं खिलाड़ियों ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।




