Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

6 लाख आशीर्वाद के दीपों से जगमगाएगा महासमुंद मंदिरों से लेकर ग्राम पंचायतों और सार्वजनिक स्थलों में होगा सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन।

विकास नंद/सर्वव्यापी

सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत महासमुंद जिले में 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान जिलेभर में करीब 6 लाख दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, सुशासन और जनकल्याण के प्रति सामूहिक संकल्प व्यक्त किया जाएगा। कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा से जोड़ते हुए इसे व्यापक जनभागीदारी का उत्सव बनाने की तैयारी की जा रही है।कार्यक्रम का मुख्य आयोजन अटल परिसर, महासमुंद में होगा, जहां करीब 8 हजार दीपों से परिसर को रोशन किया जाएगा। इसके अलावा जिले के प्रमुख मंदिरों, चौक-चौराहों, ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों, पंचायत भवनों, पीडीएस भवनों, अमृत सरोवरों, ग्रामीण बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। जिलेवासियों से ‘हर घर एक दीया’ जलाकर अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया गया है।

16 सितंबर तक पूरी होंगी तैयारियां

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद ने टास्कफोर्स और सभी नोडल अधिकारियों की बैठक लेकर विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां 16 सितंबर तक पूर्ण करने तथा कार्यक्रम में अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि साहू सहित विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

शाम 7 बजे एक साथ जगमगाएंगे चिन्हित स्थल

17 सितंबर को शाम 5 से 6 बजे तक विभिन्न स्थलों पर साज-सज्जा, बैठक व्यवस्था तथा ध्वनि एवं प्रकाश व्यवस्था पूरी की जाएगी। शाम 6 से 6:30 बजे तक दीप प्रज्ज्वलन की तैयारी और रंगोली प्रदर्शन होगा। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्व-सहायता समूह की दीदियों और नागरिकों की सहभागिता रहेगी।शाम 7 बजे जिला मुख्यालय सहित जिले के सभी चिन्हित शहरी एवं ग्रामीण स्थलों पर एक साथ सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। दीपों की रोशनी के माध्यम से सेवा, संकल्प, सुशासन और जनभागीदारी का संदेश दिया जाएगा।

सरायपाली में 1.07 लाख दीपों का लक्ष्य

ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक शासकीय प्रतिष्ठान, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के आवास, अमृत सरोवर, पंचायत भवन, पीडीएस भवन और सार्वजनिक स्थलों पर दीप जलाए जाएंगे। विकासखंडवार महासमुंद में 1.05 लाख, बसना में 1.02 लाख, पिथौरा में 1.26 लाख, बागबाहरा में 1.11 लाख और सरायपाली में 1.07 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य रखा गया है। इस तरह ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 5.51 लाख दीप जलाए जाएंगे।वहीं बसना, पिथौरा, तुमगांव और सरायपाली के नगरीय क्षेत्रों में करीब 20 हजार दीप प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य है। प्रारंभिक रूप से जिले में करीब 5.83 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे, जिसे जनभागीदारी के माध्यम से बढ़ाकर लगभग 6 लाख दीप तक पहुंचाने की तैयारी है।

प्रभारी कलेक्टर अनुपमा आनंद ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे 17 सितंबर को अपने घर, प्रतिष्ठान और आसपास के सार्वजनिक स्थलों पर दीप जलाकर ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान को सफल बनाएं और सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण की भावना से जुड़ें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!