
विकास नंद/ सर्वव्यापी
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर विभागीय लंबित प्रकरणों, जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकताओं और जनहित से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि साहू सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ, सीएमओ एवं जिला स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
सीएम हेल्पलाइन में 6,347 शिकायतें, 3,089 का निराकरण
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर लंगेह ने एल-1 स्तर पर प्राप्त शिकायतों के निराकरण में विशेष गंभीरता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रथम स्तर पर ही शिकायतों का समाधान करने के लिए 7 से 10 दिवस की समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। आवेदकों की समस्याओं का संवेदनशीलता से परीक्षण करते हुए संतोषजनक एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए।जिले में अब तक सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से 6,347 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 3,089 का निराकरण किया जा चुका है। कलेक्टर ने सभी विभागों को पोर्टल का नियमित अवलोकन कर लंबित शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सेवा सेतु के शिविरों में बढ़ेगी प्रशासन की पहुंच
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित एवं आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ‘सेवा के रंग’, ‘आंगन मिलन’, ‘सेवा कलश यात्रा’ और ‘सेवा सेतु अभियान’ सहित विभिन्न गतिविधियों की तैयारियों की जानकारी ली।सेवा सेतु अभियान के तहत 1, 3, 5 और 6 अक्टूबर को जिले के सभी विकासखंडों में क्लस्टर स्तर पर चार-चार शिविर लगाए जाएंगे। अधिकारियों को शिविरों के लिए पहले से आवेदन लेने तथा गांवों में मुनादी के माध्यम से लोगों को जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।नगरीय निकायों में भी सेवा सेतु शिविर आयोजित होंगे। 5 अक्टूबर को महासमुंद, तुमगांव, बागबाहरा, पिथौरा और सरायपाली में तथा 7 अक्टूबर को महासमुंद और बसना में शिविर लगाए जाएंगे।
2 से 8 अक्टूबर तक दान उत्सव
सेवा संकल्प अभियान के तहत 2 से 8 अक्टूबर तक दान उत्सव मनाया जाएगा। इसमें अंगदान, देहदान, रक्तदान, पुस्तक दान, वस्त्र दान और खिलौना दान जैसी गतिविधियां शामिल होंगी। कलेक्टर ने जिलेवासियों से दान उत्सव में अधिक से अधिक सहभागिता की अपील की।अंगदान के लिए स्वास्थ्य विभाग, खिलौना दान के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों तथा पुस्तक दान के लिए संबंधित स्कूलों से संपर्क किया जा सकता है।
ई-ऑफिस और आधार आधारित उपस्थिति पर भी जोर
बैठक में ई-ऑफिस प्रणाली और आधार आधारित उपस्थिति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को कार्यालयीन कार्यों में ई-ऑफिस का प्रभावी उपयोग करने तथा आधार आधारित उपस्थिति व्यवस्था का नियमित पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने संबंधित विभागों को पारस पोर्टल पर अद्यतन जानकारी समय पर अपडेट करने को कहा। डीसीएस सर्वे की प्रगति की समीक्षा करते हुए सर्वे कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा सभी संबंधित प्लॉट एवं आवश्यक अभिलेखों की जानकारी सही एवं अद्यतन रखने के निर्देश दिए। पटवारियों को सर्वे किए गए प्लॉटों का अनुमोदन शीघ्र करने कहा गया।इसके अलावा न्यायालयीन प्रकरणों में समय पर जवाबदावा प्रस्तुत करने, वीबीजीरामजी, पीएम आवास, कलेक्टर जनदर्शन, पीजी पोर्टल, लोक सेवा गारंटी अधिनियम और जन शिकायतों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को लंबित मामलों के निराकरण में सक्रियता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।




