
विकास नंद/सर्वव्यापी
26वीं राज्य स्तरीय शालेय एथलेटिक्स क्रीड़ा प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक हासिल करने वाली शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरायपाली की छात्रा पिंकी पटेल ने सरायपाली प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव से सौजन्य मुलाकात की।जगदलपुर (बस्तर) में 17 से 20 सितंबर तक आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पिंकी पटेल ने U-19 बालिका वर्ग की हैमर थ्रो स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। कठिन और तकनीकी मानी जाने वाली इस स्पर्धा में पिंकी ने अपनी शारीरिक क्षमता, तकनीकी दक्षता और निरंतर अभ्यास के दम पर यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।सरायपाली पहुंचने पर पिंकी ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव से मुलाकात कर अपनी खेल उपलब्धि की जानकारी साझा की। पिंकी की इस सफलता से सरायपाली सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।विद्यालय परिवार ने पिंकी की उपलब्धि को उसकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम बताया। विद्यालय के प्राचार्य के.पी. पटेल ने पिंकी को बधाई देते हुए कहा कि राज्य स्तर की कठिन और तकनीकी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल करना विद्यालय के लिए गौरव की बात है। उन्होंने पिंकी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उसे आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।पिंकी पटेल की इस उपलब्धि ने सरायपाली की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाई है। उसकी सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक बनी है और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए नई ऊर्जा प्रदान कर रही है।


