
विकास नंद/ सर्वव्यापी
छत्तीसगढ़ पंचायती राज अधिनियम के प्रावधानों के तहत महासमुंद जिले की सभी ग्राम पंचायतों एवं आश्रित ग्रामों में 20 अगस्त 2026 को ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिले के सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को ग्राम सभाओं का आयोजन सुनिश्चित करने तथा निर्धारित एजेंडे के अनुसार आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।ग्राम सभा में पंचायत के विगत तिमाही के आय-व्यय की समीक्षा, स्वीकृत विकास कार्यों की प्रगति, पंचायत संपत्तियों का पंजीयन, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, खाद्यान्न वितरण तथा मुक्तिधाम की व्यवस्था सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही सड़कों पर आवारा मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम, जनजागरूकता तथा पशुओं को खुले में नहीं छोड़ने के संबंध में संकल्प भी लिया जाएगा।ग्राम सभा में पंचायत उन्नति सूचकांक 2.0, बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान, टीबी मुक्त पंचायत, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, तालाब एवं बाजारों के प्रबंधन तथा पेसा नियमों से संबंधित विषयों पर भी चर्चा होगी। इसके अलावा विकसित भारत जी राम जी से संबंधित एजेंडे को भी शामिल कर आवश्यक चर्चा एवं कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।कलेक्टर लंगेह ने ग्राम सभाओं के माध्यम से ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए शासन की योजनाओं और पंचायत स्तर के विकास कार्यों की प्रभावी समीक्षा करने पर जोर दिया है।




