
विकास नंद/ सर्वव्यापी

सेवानिवृत्त शासकीय कर्मचारियों को उनके अधिकारों का लाभ समय पर दिलाने की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ पेंशनधारी कल्याण संघ, तहसील सरायपाली, जिला महासमुंद ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को ज्ञापन सौंपा। संघ ने सेवानिवृत्ति संबंधी प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने तथा कर्मचारियों के देय स्वत्वों का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।ज्ञापन में संघ ने कहा कि विकासखंड में अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के प्रकरणों का निराकरण निर्धारित समयावधि में किया जाना चाहिए। इसके लिए संबंधित विभागों के आहरण एवं संवितरण अधिकारियों, बैंकों तथा कोषालय को आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की गई, ताकि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके देय लाभ प्राप्त करने के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।
समय पर भुगतान नहीं होने से आर्थिक और मानसिक परेशानी
संघ के अनुसार, सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले स्वत्वों का भुगतान समय पर नहीं होने से कर्मचारियों को आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लंबे समय तक भुगतान लंबित रहने से पेंशनरों में निराशा भी बढ़ती है। संघ ने कहा कि वर्षों तक शासकीय सेवा देने वाले कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद उनके वैधानिक देयकों के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी पहल आवश्यक है।
संघ ने प्रशासन से आग्रह किया कि संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश जारी कर लंबित सेवानिवृत्ति प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कराया जाए तथा पेंशन सहित अन्य देय स्वत्वों का भुगतान निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए।इस अवसर पर छत्तीसगढ़ पेंशनधारी कल्याण संघ के अध्यक्ष सहित संघ के समस्त पदाधिकारी उपस्थित रहे।




