Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

200 से अधिक फुटपाथ खाद्य विक्रेताओं को मिला खाद्य सुरक्षा का प्रशिक्षण, स्वच्छ और सुरक्षित भोजन परोसने का लिया संकल्प।

विकास नंद/सर्वव्यापी

खाद्य एवं औषधि प्रशासन, महासमुंद द्वारा शहर के लगभग 200 से अधिक फुटपाथ खाद्य विक्रेताओं के लिए विशेष निःशुल्क खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। “सर्व सेफ फूड : सुरक्षित भोजन परोसना एवं बेचना” विषय पर आयोजित प्रशिक्षण का उद्देश्य स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को खाद्य पदार्थों की सुरक्षित एवं स्वच्छ तैयारी, रख-रखाव, भंडारण और ग्राहकों को सुरक्षित भोजन परोसने के व्यवहारिक उपायों की जानकारी देना रहा।

कार्यक्रम में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के खाद्य सुरक्षा अधिकारी शंखनाद भोई उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल खाद्य सुरक्षा नियमों की जानकारी देना नहीं, बल्कि विक्रेताओं की दैनिक कार्यप्रणाली में स्वच्छ और सुरक्षित खाद्य प्रथाओं को शामिल कराना है। उन्होंने कहा कि फुटपाथ खाद्य विक्रेता प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों को भोजन उपलब्ध कराते हैं, इसलिए व्यक्तिगत स्वच्छता, साफ उपकरण, सुरक्षित पेयजल, खाद्य पदार्थों का उचित भंडारण और संदूषण से बचाव का विशेष ध्यान रखना जरूरी है।

व्यवहारिक डेमो के जरिए समझाए खाद्य सुरक्षा के नियम

FoSTaC ट्रेनर विशाल आनंद ने उदाहरणों और व्यवहारिक डेमो के माध्यम से सरल भाषा में खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता के महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। प्रशिक्षण में ठेले, दुकान एवं खाद्य परिसर की स्वच्छता, व्यक्तिगत साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों का सुरक्षित भंडारण एवं तापमान प्रबंधन, कच्चे और तैयार खाद्य पदार्थों को अलग रखने, बर्तनों एवं उपकरणों की उचित सफाई, सुरक्षित पेयजल के उपयोग तथा धूल, कीट एवं अन्य प्रकार के खाद्य संदूषण से बचाव के उपाय बताए गए।प्रशिक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006, संबंधित नियमावली तथा FSSAI द्वारा निर्धारित स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा आवश्यकताओं की भी जानकारी दी गई। विक्रेताओं को खाद्य सामग्री को सुरक्षित तरीके से संभालने और ग्राहकों को स्वच्छ वातावरण में भोजन परोसने के लिए प्रेरित किया गया।

हाइजीन किट और प्रमाण-पत्र वितरित

कार्यक्रम में प्रतिभागियों को निःशुल्क हाइजीन किट प्रदान की गई। इसमें एप्रन, कैप, ग्लव्स, साबुन, तौलिया, डस्टर एवं हेडगियर शामिल थे। इसके साथ ही प्रतिभागियों को FoSTaC प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र, गोल्डन रूल्स बुकलेट तथा NASVI एवं नेस्ले की ओर से संयुक्त प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।

स्वच्छता से बढ़ेगा ग्राहकों का भरोसा

कार्यक्रम में NASVI की ओर से पंकज साहू उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि स्ट्रीट फूड विक्रेता शहरों की खाद्य संस्कृति और स्थानीय अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों को अपनाने से ग्राहकों का विश्वास बढ़ता है और इससे विक्रेताओं की आजीविका को भी मजबूती मिलती है।यह निःशुल्क प्रशिक्षण NASVI द्वारा नेस्ले के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें 200 से अधिक महिला एवं पुरुष फुटपाथ खाद्य विक्रेताओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई। विक्रेताओं ने एप्रन, ग्लव्स और हेड कैप का नियमित उपयोग करने, खाद्य पदार्थों को सुरक्षित तरीके से संभालने, हानिकारक रसायनों के अनुचित उपयोग से बचने तथा ग्राहकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित भोजन परोसने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!