Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

विभाजन विभीषिका की तस्वीरों में दिखा दर्द, प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल ने किया प्रदर्शनी का अवलोकन..शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को दो मिनट का मौन रखकर दी गई श्रद्धांजलि।

विकास नंद/सर्वव्यापी

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर महासमुंद जिला मुख्यालय के लोहिया चौक में ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ एवं ‘भारत विभाजन की विभीषिका-स्मरण दिवस’ पर आधारित तीन दिवसीय विशेष छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी एवं खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयालदास बघेल शामिल हुए।इस अवसर पर बीटीआई रोड से लोहिया चौक तक मौन जुलूस निकाला गया। इसके बाद शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल सहित जनप्रतिनिधियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।प्रदर्शनी में स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े महत्वपूर्ण घटनाक्रमों, स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान, राष्ट्रीय ध्वज की गौरवगाथा, देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और भारत के गौरवशाली इतिहास को छायाचित्रों के माध्यम से आकर्षक एवं जानकारीपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया गया है। साथ ही वर्ष 1947 के भारत विभाजन से जुड़ी घटनाओं, विस्थापितों की पीड़ा और उस दौर में सामने आई हिंसा एवं सामाजिक त्रासदी को भी चित्रों के माध्यम से दर्शाया गया है।‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया जा रहा है। वहीं ‘वंदे मातरम्’ की थीम के जरिए राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय गौरव और स्वतंत्रता संग्राम के मूल्यों को स्मरण कराया गया है।प्रदर्शनी में भारत विभाजन की त्रासदी से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया है। विभाजन के दौरान हुए दंगे, हिंसा, विस्थापन और अपनों से बिछड़ने की पीड़ा को छायाचित्रों के जरिए प्रभावी ढंग से सामने लाया गया है। यह प्रदर्शनी उस दौर की भयावह परिस्थितियों को याद करते हुए राष्ट्रीय एकता, सद्भाव और सामाजिक समरसता का संदेश भी देती है।‘वंदे मातरम्’ की गौरवगाथा से जुड़े छायाचित्र भी प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण हैं। बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय के उपन्यास ‘आनंद मठ’ से राष्ट्रभावना का प्रतीक बने ‘वंदे मातरम्’ ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान लोगों में देशभक्ति और त्याग की भावना को मजबूत किया। आज भी यह राष्ट्रगीत स्वतंत्रता संग्राम के उन वीरों की स्मृति को जीवंत करता है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी।

कार्यक्रम में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, जिला स्काउट एवं गाइड संघ के अध्यक्ष येतराम साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष हुलसी चंद्राकर, राज्य मुख्य आयुक्त भारत स्काउट एवं गाइड संघ इंद्रजीत सिंह गोल्डी, रेडक्रॉस समिति के अध्यक्ष संदीप दीवान सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!