
विकास नंद/सर्वव्यापी
जिला परिवहन अधिकारी प्रतीक शुक्ला के निर्देशन में परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से महासमुंद के दो निजी विद्यालयों—रीवरडेल इंटरनेशनल स्कूल एवं वेडनर स्कूल—का सघन निरीक्षण किया।जांच के दौरान राहत की बात यह रही कि किसी भी स्कूली छात्र को दोपहिया वाहन चलाते हुए नहीं पाया गया।
निरीक्षण के दौरान स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए गए कि 16 वर्ष अथवा उससे अधिक आयु के विद्यार्थियों के लिए वैध ड्राइविंग लाइसेंस तथा हेलमेट का उपयोग अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए और सभी यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए।निरीक्षण के दौरान दो स्कूल बसों में सुरक्षा संबंधी खामियां पाए जाने पर संबंधित स्कूल प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




