NewsGPMछत्तीसगढ़

GPM में स्काउटिंग को मिलेगी नई उड़ान, राष्ट्रीय प्रशिक्षण से लौटे डॉ. नीरज जैन के सम्मान के साथ बनी नई रणनीति।

नूर मोहम्मद ,जिला ब्यूरो चीफ, (सर्वव्यापी)

भारत स्काउट एवं गाइड, जिला जीपीएम की वार्षिक बैठक स्काउट-गाइड प्रार्थना के साथ उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।

बैठक में स्काउटिंग गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने, विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं सेवा भावना विकसित करने तथा राज्यपाल एवं राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए अधिकाधिक विद्यार्थियों को तैयार करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिला मुख्य आयुक्त डॉ. नीरज जैन ने कहा कि स्काउटिंग का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जिम्मेदार, अनुशासित और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित नागरिक बनाना है। उन्होंने कहा कि जिले के अधिक से अधिक बच्चों को राज्यपाल एवं राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए तैयार करने हेतु सभी विद्यालयों में स्काउट-गाइड गतिविधियों का नियमित एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।

बैठक का प्रमुख आकर्षण भारत स्काउट एवं गाइड के राष्ट्रीय मुख्यालय के निर्देशन में पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले के कुर्सियांग में आयोजित पांच दिवसीय राष्ट्रीय स्काउट बेसिक कमिश्नर कोर्स का सफल प्रशिक्षण पूर्ण कर लौटे जिला मुख्य आयुक्त डॉ. नीरज जैन का सम्मान रहा। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी, पेंड्रा आर.एन. चंद्रा ने उन्हें शॉल, श्रीफल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। डॉ. जैन ने राष्ट्रीय प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त अनुभवों, नवाचारों एवं आधुनिक कार्यपद्धति को उपस्थित स्काउटर एवं गाइडरों के साथ साझा किया।

बैठक में जिले से राष्ट्रीय स्तर का कमिश्नर कोर्स सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले अर्चना सामुएल मसीह, डॉ. ऐशले कैनेथ डगलस, कृष्ण पाल उईके एवं विजय कुमार कोरी का भी सम्मान किया गया।इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने स्काउट-गाइड अंशदान, जिला स्तरीय वृक्षारोपण अभियान तथा सभी विद्यालयों में नियमित रूप से स्काउट-गाइड दलों के संचालन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम है और इसे विद्यालयों में और अधिक सक्रिय बनाया जाएगा।

विकासखंड शिक्षा अधिकारी आर.एन. चंद्रा ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में स्काउटिंग की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए जिले में स्काउट-गाइड गतिविधियों के व्यापक विस्तार की आवश्यकता बताई।बैठक में बेसिक कोर्स, द्वितीय सोपान एवं तृतीय सोपान प्रशिक्षण को गति देने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने तथा सैनिक भाइयों के लिए रक्षा सूत्र तैयार करने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में जिला संगठन आयुक्त (गाइड) अर्चना सामुएल मसीह, जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) मोरध्वज, जिला सचिव रामकृष्ण कश्यप, संयुक्त सचिव संगीता कैवर्त, ब्लॉक सचिव विजय कुमार कोरी, पवन राठौर, कृष्ण पाल उईके सहित जिले के 102 स्काउटर-गाइडर उपस्थित रहे। अंत में आभार प्रदर्शन एवं राष्ट्रगान के साथ बैठक का समापन हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!