
विकास नंद/सर्वव्यापी
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा है कि VSK ऐप में आ रही तकनीकी त्रुटियों और एरर संबंधी शिकायतों को राज्य सरकार ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐप की तकनीकी समस्याओं के कारण किसी भी शिक्षक का वेतन नहीं काटा जाएगा।
शिक्षकों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।शिक्षा मंत्री ने बताया कि संबंधित अधिकारियों और तकनीकी टीम को VSK ऐप में आ रही सभी समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त तक ऐप की तकनीकी खामियों को दूर कर इसे पूरी तरह सुचारु बनाने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि शिक्षक बिना किसी परेशानी के अपनी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर सकें।
गजेंद्र यादव ने प्रदेश के शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बताया कि राज्य के लगभग 1 लाख 75 हजार शिक्षकों में से करीब डेढ़ लाख शिक्षक, यानी लगभग 85 प्रतिशत शिक्षक, प्रतिदिन VSK ऐप के माध्यम से अपनी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश के शिक्षकों की तकनीक के प्रति सकारात्मक सोच और शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं आधुनिक बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।उन्होंने कहा कि प्रदेश के शिक्षक केवल शिक्षण कार्य तक सीमित नहीं हैं, बल्कि डिजिटल व्यवस्था को सफल बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सरकार उनके सहयोग, अनुशासन और समर्पण का सम्मान करती है। शिक्षकों के सुझावों और अनुभवों के आधार पर VSK ऐप को और अधिक सरल, उपयोगी तथा प्रभावी बनाया जाएगा।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षकों के सम्मान, सुविधा और हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यदि किसी शिक्षक को तकनीकी कारणों से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में कठिनाई होती है, तो उसके हितों की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी और किसी भी शिक्षक को तकनीकी खामी का खामियाजा नहीं भुगतना पड़ेगा।उन्होंने सभी शिक्षकों से अपील की कि वे पूर्व की भांति VSK ऐप का उपयोग जारी रखें तथा यदि किसी प्रकार की तकनीकी समस्या या सुझाव हो तो उसे संबंधित अधिकारियों तक अवश्य पहुंचाएं। सरकार प्रत्येक सुझाव का सकारात्मक परीक्षण कर आवश्यक सुधार करेगी, ताकि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी तथा तकनीक-सक्षम बन सके।




