
तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

‘हिंदी पत्रकारिता के दो सौ वर्ष : विरासत, सरोकार और विकसित भारत का संकल्प’ विषय पर महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा महाराष्ट्र के जनसंचार विभाग की ओर से 4 एवं 5 नवंबर को आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी का उद्घाटन बुधवार, 04 नवंबर को कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा की अध्यक्षता में कस्तूरबा सभागार में पूर्वाह्न 10:00 बजे किया जाएगा।। इस अवसर पर मुख्य अतिथि कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, रायपुर के कुलपति प्रो. मनोज दयाल होंगे। सारस्वत अतिथि राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, भारत के पूर्व अध्यक्ष प्रो. बलदेवभाई शर्मा होंगे तथा सप्रे संग्रहालय, भोपाल के संस्थापक पद्मश्री विजयदत्त श्रीधर का सान्निध्य प्राप्त होगा।
कार्यक्रम का स्वागत वक्तव्य मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान विद्यापीठ के अधिष्ठाता प्रो. के. बालराजु देंगे। जनसंचार विभाग के अध्यक्ष डॉ. राजेश लेहकपुरे प्रास्ताविक करेंगे। जनसंचार विभाग की सहायक प्रोफेसर एवं संगोष्ठी संयोजक डॉ. रेणु सिंह संचालन करेंगी एवं सहायक प्रोफेसर डॉ. संदीप कुमार वर्मा धन्यवाद ज्ञापित करेंगे। संगोष्ठी का प्रथम सत्र दोपहर 12:00 बजे हिंदी पत्रकारिता की विरासत विषय पर दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा, चेन्नई के पूर्व कुलपति प्रो. राम मोहन पाठक की अध्यक्षता में होगा। इस अवसर पर सप्रे संग्रहालय, भोपाल के संस्थापक पद्मश्री विजयदत्त श्रीधर मुख्य अतिथि तथा वीणा पत्रिका, इंदौर के संपादक राकेश शर्मा विशेष अतिथि होंगे। द्वितीय सत्र दोपहर 03:00 बजे हिंदी पत्रकारिता : कृत्रिम बुद्धिमत्ता की नैतिकता, संभावनाएं और चुनौतियां विषय पर भारतीय जनसंचार संस्थान, नई दिल्ली के पूर्व महानिदेशक प्रो. संजय द्विवेदी की अध्यक्षता में होगा, जिसमें एल्गो टेक्नॉलॉजीज, दुबई के सीईओ बालेन्दु शर्मा दाधीच मुख्य अतिथि, आकाशवाणी, दिल्ली के पूर्व निदेशक प्रो. महावीर सिंह विशिष्ट अतिथि तथा राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज विश्वविद्यालय, नागपुर के जनसंचार विभाग के अध्यक्ष प्रो. धर्मेश धावनकर विशेष अतिथि होंगे। दोपहर 04:00 बजे से दो समानांतर सत्र भी होंगे। संगोष्ठी के दौरान 45 से अधिक शोध पत्र पढ़े जाएंगे। तृतीय सत्र 05 नवंबर को 10:00 बजे हिंदी पत्रकारिता : भाषा संस्कृति और विकसित भारत विषय पर प्रो. मनोज दयाल की अध्यक्षता में होगा। जिसमें दैनिक भास्कर के समूह संपादक प्रकाश दुबे और राकेश शर्मा संबोधित करेंगे। संगोष्ठी का चतुर्थ सत्र 11:30 बजे प्रो. बलदेवभाई शर्मा की अध्यक्षता में होगा। जिसमें प्रो. संजय द्विवेदी बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करेंगे। संगोष्ठी का समापन दोपहर 03:30 बजे कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा की अध्यक्षता में होगा। इस अवसर पर प्रो. राममोहन पाठक मुख्य अतिथि होंगे तथा प्रकाश दुबे एवं लोकमत समाचार के वरिष्ठ संपादक विकास मिश्र सारस्वत अतिथि होंगे।



