
विकास नंद/ सर्वव्यापी

ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस ने गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए खेप के खरीदार एवं मुख्य डेस्टिनेशन आरोपी को महाराष्ट्र के जलगांव जिले से गिरफ्तार किया है। तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल डेटा के विश्लेषण के आधार पर पुलिस तस्करी की कड़ियां जोड़ते हुए उस व्यक्ति तक पहुंची, जो ओडिशा से गांजा मंगवाकर महाराष्ट्र में खपाने की तैयारी में था।
मामला थाना सिंघोड़ा के अपराध क्रमांक 120/2026, धारा 20(B)(II)(C) एनडीपीएस एक्ट से संबंधित है। इस प्रकरण में पुलिस ने पूर्व में 560 किलोग्राम गांजा बरामद किया था, जिसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 80 लाख रुपये है। गांजा परिवहन में प्रयुक्त माजदा वाहन और मोबाइल सहित कुल 2 करोड़ 95 लाख 8 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई थी।
रेहटीखोल चेकपोस्ट पर पकड़ी गई थी गांजे की बड़ी खेप
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 9 अक्टूबर 2026 को सिंघोड़ा पुलिस को सूचना मिली थी कि आयशर माजदा प्रो 3015 क्रमांक MH 18 BG 7546 में अवैध गांजा लेकर ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 स्थित ग्राम रेहटीखोल चेकपोस्ट के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को पकड़ा।वाहन की तलाशी लेने पर डाले में कैरेट के नीचे 16 बोरियों में छिपाकर रखा गया कुल 560 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से वाहन चालक अजय रविन्द्र पवार (30 वर्ष), निवासी सोनबरक्षी, थाना एरंडोल, जिला जलगांव तथा स्वराज महाजन (25 वर्ष), निवासी कसोदा आडगांव, थाना कसोदा, जिला जलगांव (महाराष्ट्र) को गिरफ्तार किया था।मोबाइल डेटा से खुला खरीदार का राजपूछताछ में आरोपियों ने गांजे की खेप ओडिशा के बरमपुर से लोड कर महाराष्ट्र के जलगांव ले जाना बताया था। इसके बाद पुलिस ने केवल परिवहनकर्ताओं तक जांच सीमित न रखते हुए गांजे के स्रोत और खरीदार तक पहुंचने के लिए एंड टू एंड विवेचना शुरू की।
गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी और जब्त मोबाइल फोन से प्राप्त डिजिटल साक्ष्यों का तकनीकी एवं डेटा विश्लेषण किया गया। इसके आधार पर पुलिस ने तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ते हुए महाराष्ट्र के जलगांव जिले में बैठे गांजा खरीदने वाले आरोपी की पहचान की।पुलिस ने डेस्टिनेशन पॉइंट पर गांजा मंगवाने वाले रोहित निंबा मोहिते (करीब 23 वर्ष), निवासी देव्हारी, तहसील भडगांव, जिला जलगांव (महाराष्ट्र) को गिरफ्तार कर लिया है। उसे ट्रांजिट रिमांड पर महासमुंद लाया गया है।
तस्करी के नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा
इस कार्रवाई में पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में केवल परिवहनकर्ताओं की गिरफ्तारी तक कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी, बल्कि गांजे के स्रोत, खरीदार, डेस्टिनेशन और आर्थिक लेन-देन की भी गहन जांच की जा रही है।560 किलोग्राम गांजे की बरामदगी के बाद अब खरीदार की गिरफ्तारी को इस पूरे तस्करी नेटवर्क तक पहुंचने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस की यह कार्रवाई अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार है।




