
विकास नंद/ सर्वव्यापी

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 महासमुंद जिले की महिला स्व-सहायता समूहों के लिए एक नई पहचान और नई संभावनाओं का संदेश लेकर आया। जिले की महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियों द्वारा तैयार किए जाने वाले स्थानीय उत्पादों को अब एक साझा ब्रांड नाम ‘सिरपुर फ्रेश’ के रूप में नई पहचान मिली है। राज्योत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में इस ब्रांड के आधिकारिक लोगो का अनावरण किया गया।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा एवं अन्य मंचस्थ अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में ‘सिरपुर फ्रेश’ ब्रांड का शुभारंभ किया गया। यह पहल जिले की महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पादों को संगठित बाजार उपलब्ध कराने और उनकी पहुंच को व्यापक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।इस अवसर पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुपमा आनंद ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत गठित महिला स्व-सहायता समूहों को एक साझा मंच और एक ब्रांड के माध्यम से जोड़ने की पहल की गई है। ‘सिरपुर फ्रेश’ के जरिए जिले के विभिन्न समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों को एक समान पहचान मिलेगी। इससे उनके उत्पादों के विपणन, बिक्री और बाजार विस्तार के अवसर बढ़ेंगे।उन्होंने बताया कि इस ब्रांड का उद्देश्य महिला समूहों के उत्पादों को स्थानीय बाजार तक सीमित न रखते हुए व्यापक और वैश्विक बाजार तक पहुंचाना है। इससे ग्रामीण महिलाओं को अपने उत्पादों का बेहतर मूल्य प्राप्त करने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।सिरपुर की ऐतिहासिक विरासत से जुड़ा ब्रांड का नाममहासमुंद जिले का ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक स्थल सिरपुर अपनी प्राचीन संस्कृति, समृद्ध विरासत और गौरवशाली इतिहास के लिए देश-दुनिया में प्रसिद्ध है। इसी ऐतिहासिक पहचान और सांस्कृतिक गौरव को ध्यान में रखते हुए महिला समूहों के उत्पादों के लिए ‘सिरपुर फ्रेश’ नाम चुना गया है। इस ब्रांड के माध्यम से जिले की सांस्कृतिक पहचान को ग्रामीण महिलाओं की मेहनत, हुनर और उद्यमशीलता के साथ जोड़ने का प्रयास किया गया है।‘सिरपुर फ्रेश’ केवल एक ब्रांड नाम नहीं, बल्कि जिले की ग्रामीण महिलाओं के परिश्रम, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की नई पहचान बनने की उम्मीद है। यह पहल महिला स्व-सहायता समूहों को एक सूत्र में पिरोकर उनके उत्पादों को संगठित बाजार उपलब्ध कराने के साथ महासमुंद जिले के स्थानीय उत्पादों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त करेगी।




