Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

आरसेटी के सिलाई प्रशिक्षण से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ीं महिलाएं, सफल समापन पर स्वरोजगार का मिला मंत्र।

विकास नंद,सर्वव्यापी

बैंक ऑफ बड़ौदा ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) महासमुंद में संचालित सिलाई प्रशिक्षण के द्वितीय बैच का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। समापन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष मोगरा किशन पटेल, सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. एकता तथा तारिणी चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।समारोह के दौरान अतिथियों ने प्रशिक्षण कक्ष का निरीक्षण किया और प्रशिक्षण प्राप्त कर रही प्रतिभागियों से संवाद कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों के उत्साह और सीखने की लगन की सराहना की।

जिला पंचायत अध्यक्ष मोगरा किशन पटेल ने प्रशिक्षण पूर्ण करने वाली महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे प्रशिक्षण से प्राप्त कौशल का बेहतर उपयोग कर सिलाई को स्वरोजगार का माध्यम बनाएं और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ें। उन्होंने महिलाओं से अपने हुनर को आजीविका का सशक्त आधार बनाने का आह्वान किया।

सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. एकता ने कहा कि कौशल आधारित प्रशिक्षण महिलाओं में आत्मविश्वास का संचार करता है और उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने प्रतिभागियों को सिलाई कार्य को व्यवसाय के रूप में अपनाने, अन्य महिलाओं को भी इससे जोड़ने तथा समूह बनाकर रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए प्रेरित किया।

आरसेटी के निदेशक टुटु बेहरा ने संस्थान द्वारा संचालित विभिन्न कौशल विकास एवं स्वरोजगार प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि संस्थान वर्षभर ग्रामीण युवाओं और महिलाओं के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण आयोजित करता है।

इन प्रशिक्षणों के माध्यम से अनेक प्रतिभागी स्वरोजगार स्थापित कर आत्मनिर्भर बन रहे हैं।उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में कंप्यूटर प्रशिक्षण, मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण और केक निर्माण जैसे विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इच्छुक अभ्यर्थी प्रशिक्षण संबंधी जानकारी एवं पंजीयन के लिए कार्यालयीन समय में आरसेटी महासमुंद कार्यालय या मोबाइल नंबर 7999700673 एवं 9691089327 पर संपर्क कर सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!