
विकास नंद/सर्वव्यापी

जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ महासमुंद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ का असर अब लगातार दिखाई दे रहा है। पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के नेतृत्व में पुलिस की सख्त निगरानी और लगातार कार्रवाई से गांजा तस्करी के नेटवर्क पर शिकंजा कसता जा रहा है। अंतरराज्यीय मार्गों और प्रमुख चेक पोस्टों पर बढ़ाई गई निगरानी के साथ पुलिस की टीमें संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर तस्करी के प्रयासों को नाकाम कर रही हैं।
महासमुंद जिला ओडिशा सीमा से लगा होने के कारण गांजा तस्करी के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है। ऐसे में पुलिस द्वारा सीमा क्षेत्रों, राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख मार्गों पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। बसना, सिंघोड़ा, रेहटीखोल सहित अन्य थाना क्षेत्रों में पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप की स्थिति है।
पुलिस की कार्रवाई में लगातार गांजा तस्करी से जुड़े आरोपियों को पकड़ा जा रहा है और उनके कब्जे से गांजा तथा तस्करी में प्रयुक्त वाहन बरामद किए जा रहे हैं। इससे न केवल जिले में नशे की खेप पहुंचाने वाले तस्करों पर कार्रवाई हो रही है, बल्कि इसके पीछे सक्रिय नेटवर्क तक पहुंचने की दिशा में भी पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिल रहे हैं।
एसपी प्रभात कुमार की रणनीति में केवल गांजा पकड़ना ही नहीं, बल्कि तस्करी के पूरे नेटवर्क को चिन्हित कर उसके खिलाफ कार्रवाई करना प्रमुखता में दिखाई दे रहा है। पुलिस की लगातार सक्रियता से अंतरराज्यीय स्तर पर संचालित इस अवैध कारोबार पर दबाव बढ़ा है।
महासमुंद पुलिस का ‘ऑपरेशन निश्चय’ अब नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के रूप में लगातार प्रभावी कार्रवाई का रूप ले रहा है। पुलिस की लगातार कार्रवाई से यह संदेश साफ है कि जिले में गांजा तस्करी और नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के लिए रास्ता आसान नहीं रहेगा।




