
विकास नंद/ सर्वव्यापी
महासमुंद पुलिस द्वारा जिलेभर में 15 अगस्त से चरणबद्ध ‘साइबर जागृति अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के प्रथम चरण में स्कूल-कॉलेजों में छात्र-छात्राओं को डिजिटल सतर्कता और बुनियादी साइबर सुरक्षा की जानकारी दी जा रही है। आने वाले सात सप्ताहों में जिले की विभिन्न संगठनात्मक इकाइयों में भी क्रमबद्ध तरीके से साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।‘सुरक्षित बचपन, सुरक्षित डिजिटल कल’ की थीम के साथ चल रहे अभियान का उद्देश्य बच्चों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना और डिजिटल दुनिया का जिम्मेदारी एवं समझदारी से उपयोग करना सिखाना है।
पुलिस टीम द्वारा विद्यार्थियों को ऑनलाइन फ्रॉड, ऑनलाइन गेमिंग, साइबर एडिटिंग तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए होने वाले साइबर अपराधों की जानकारी दी जा रही है।मजबूत पासवर्ड से लेकर OTP की गोपनीयता तक दी जानकारीअभियान के दौरान विद्यार्थियों को मजबूत और अलग-अलग पासवर्ड रखने, दो-चरणीय प्रमाणीकरण (2FA) सक्रिय रखने, मोबाइल व कंप्यूटर के ऑपरेटिंग सिस्टम और ऐप को नियमित रूप से अपडेट करने तथा भरोसेमंद एंटीवायरस का उपयोग करने की सलाह दी जा रही है। साथ ही ऐप केवल आधिकारिक स्टोर से डाउनलोड करने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।
पुलिस द्वारा सार्वजनिक वाई-फाई पर बैंकिंग से बचने, सुरक्षित HTTPS वेबसाइट का उपयोग करने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और किसी भी व्यक्ति के साथ OTP अथवा PIN साझा नहीं करने की समझाइश दी जा रही है। पैसे भेजने से पहले संबंधित व्यक्ति की पहचान सत्यापित करने तथा सोशल मीडिया पर निजी जानकारी सीमित रखने की सलाह भी विद्यार्थियों को दी जा रही है।
AI और ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े खतरों से भी कराया अवगत
साइबर जागरूकता कार्यक्रम के दौरान बच्चों को ऑनलाइन फाइनेंशियल फ्रॉड, ऑनलाइन गेमिंग के दौरान होने वाले जोखिम, साइबर एडिटिंग और AI तकनीक के दुरुपयोग से होने वाले अपराधों के प्रति विशेष रूप से जागरूक किया जा रहा है। महत्वपूर्ण डिजिटल डेटा का नियमित बैकअप रखने और मोबाइल ऐप को अनावश्यक परमिशन नहीं देने की जानकारी भी दी जा रही है।
कई स्कूलों तक पहुंची पुलिस की टीम
अभियान के पिछले तीन दिनों में थाना पटेवा क्षेत्र के झलप स्थित हाई स्कूल, हाई स्कूल गढ़फुलझर एवं भगतदेवरी थाना सांकरा, कन्या माध्यमिक शाला थाना तेंदुकोना, थाना महासमुंद क्षेत्र की शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला एवं पब्लिक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरोंडाबाजार तथा कन्या हाई स्कूल भंवरपुर में छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।महासमुंद पुलिस का यह अभियान जिले के सभी थाना क्षेत्रों में चरणबद्ध रूप से जारी रहेगा। इसके साथ ही ‘जागरूकता की एक सेल्फी’ के माध्यम से साइबर जागरूकता अभियान से लोगों को जोड़ने के लिए लिंक और QR कोड भी जारी किया गया है।

