
विकास नंद/सर्वव्यापी

जिले में 1 से 7 अगस्त तक विश्व स्तनपान सप्ताह मनाया जा रहा है। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा अस्पतालों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा समुदाय स्तर पर विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य माताओं को स्तनपान के महत्व से अवगत कराना तथा नवजात शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण को बढ़ावा देना है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार जन्म के एक घंटे के भीतर स्तनपान शुरू करना तथा शिशु को पहले छह माह तक केवल मां का दूध देना सबसे सुरक्षित और प्रभावी पोषण माना जाता है। इससे शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, संक्रमण का खतरा कम होता है तथा उसके शारीरिक और मानसिक विकास में सहायता मिलती है।अभियान के दौरान गर्भवती एवं धात्री माताओं को स्तनपान की सही तकनीक, संतुलित आहार, शिशु देखभाल तथा छह माह बाद ऊपरी आहार शुरू करने संबंधी जानकारी दी जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी परिवारों से अपील की है कि वे माताओं को स्तनपान के लिए सहयोग और प्रोत्साहन दें, ताकि प्रत्येक शिशु को जीवन की स्वस्थ शुरुआत मिल सके।विश्व स्तनपान सप्ताह के माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है कि “मां का दूध शिशु का पहला, सर्वोत्तम और संपूर्ण आहार है”, जो स्वस्थ समाज और मजबूत भविष्य की आधारशिला है।




