
विकास नंद/सर्वव्यापी

ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतने वाली छत्तीसगढ़ की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव की ऐतिहासिक उपलब्धि का राजधानी रायपुर में आयोजित स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव में भावपूर्ण सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने वीडियो कॉल के माध्यम से ग्लासगो में मौजूद ज्ञानेश्वरी को कॉन्क्लेव की झलक दिखाई और उपस्थित खेल विशेषज्ञों, प्रशिक्षकों तथा खिलाड़ियों से उनका परिचय कराया।जैसे ही ज्ञानेश्वरी यादव वीडियो कॉल पर स्क्रीन पर दिखाई दीं, पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
उपस्थित सभी लोगों ने खड़े होकर उनका अभिनंदन किया और कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतकर छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन करने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
ग्लासगो से कॉन्क्लेव से जुड़ी ज्ञानेश्वरी यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित हो रहे स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव को देखकर उन्हें बेहद खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करना और छत्तीसगढ़ का नाम नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना उनके लिए गर्व का विषय है।
इस सफलता के पीछे वर्षों की कठिन मेहनत, निरंतर अभ्यास और सभी का विश्वास एवं सहयोग रहा है। उन्होंने सभी के स्नेह, शुभकामनाओं और समर्थन के लिए दिल से आभार व्यक्त किया।कॉन्क्लेव में मौजूद खेल विशेषज्ञों ने ज्ञानेश्वरी की उपलब्धि को राज्य के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
उनका कहना था कि ज्ञानेश्वरी की सफलता यह संदेश देती है कि प्रतिभा, समर्पण और दृढ़ संकल्प के बल पर छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं।
स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव का यह भावनात्मक क्षण पूरे कार्यक्रम का आकर्षण बन गया और ज्ञानेश्वरी यादव की सफलता ने प्रदेश के खेल जगत में नए उत्साह का संचार किया।



