
नूर मोहम्मद, जिला ब्यूरो चीफ (सर्वव्यापी)

शहर के प्राचीन मिशन स्कूल गौरेला में शाला प्रवेश उत्सव एवं ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद अध्यक्ष एवं मिशन स्कूल विकास समिति के अध्यक्ष मुकेश दुबे रहे।
इस अवसर पर मुकेश दुबे ने कहा कि वे स्वयं इस विद्यालय के पूर्व छात्र हैं और आज जो भी उपलब्धियां उन्हें मिली हैं, उनमें इस विद्यालय का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का विकास करना और उसकी गौरवशाली पहचान को आगे बढ़ाना उनका दायित्व है।
भावना आर्थर के नेतृत्व में बदल रही है विद्यालय की तस्वीर
मुकेश दुबे ने कहा कि वर्तमान प्राचार्य भावना आर्थर के पदस्थ होने के बाद से विद्यालय की व्यवस्था और वातावरण में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि प्राचार्य ने समर्पण और मेहनत से विद्यालय के विकास के लिए लगातार कार्य किया है, जो सराहनीय है। उन्होंने विद्यालय में टीन शेड, मंच निर्माण, वॉटर प्यूरीफायर, विद्यार्थियों के लिए 50 बेंच-टेबल तथा खेल मैदान की बाउंड्रीवाल निर्माण में अपने तथा एल्डरमैन मथुरा सोनी के सहयोग की घोषणा की।
एल्डरमैन मथुरा सोनी ने कहा कि उनका बचपन इस विद्यालय से जुड़ा रहा है और इससे अनेक यादें जुड़ी हुई हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह विद्यालय उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रख सकता है। उन्होंने बताया कि उनके समय में विद्यार्थी टाटपट्टी पर बैठकर पढ़ाई करते थे, जबकि आज बच्चों को बेहतर सुविधाएं, योग्य शिक्षक और कुशल प्राचार्य का मार्गदर्शन मिल रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से इन सुविधाओं का पूरा लाभ उठाकर मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने माता-पिता और विद्यालय का नाम रोशन करने का आह्वान किया।कार्यक्रम में उपस्थित अन्य अतिथियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रेरित किया।
प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान, पुस्तक, गणवेश और साइकिल वितरणकार्यक्रम के दौरान प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। साथ ही पाठ्य पुस्तकों एवं गणवेश का वितरण किया गया। शासन की सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत छात्राओं को साइकिल भी प्रदान की गई। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विद्यालय परिसर में अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने पौधरोपण किया।
इस अवसर पर प्राचार्य भावना आर्थर ने अभियान पर आधारित अपना स्वरचित गीत प्रस्तुत किया, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की। कार्यक्रम में कुलदीप सिंह धीरज, गोविंद अग्रवाल, अशोक नगाइच, अतुल आर्थर, प्रथमेश नगाइच, निर्मल आर्थर, पुष्पराज रॉबिन्सन, शशि बाला लाल, अनामिका मंडल, अलका कुमार, मोनिका मसीह, प्रमोद राजपूत, गुलाम रजा सहित विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।


