
नूर मोहम्मद,जिला ब्यूरो चीफ, (सर्वव्यापी)

जिले के दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्र के ग्रामीणों तक प्रशासन की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर विजय दयाराम के. स्वयं बाइक पर सवार होकर गौरेला विकासखंड के ग्राम पंचायत आमाडोब के बरलगान पारा पहुंचे और वहां आयोजित स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया, ग्रामीणों से सीधे संवाद किया तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी लेते हुए उनकी समस्याएं सुनीं।
कलेक्टर ने भरोसा दिलाया कि ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराया जाएगा।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए शिविर की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा हितग्राहियों को मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानियों का वितरण किया। शिविर में ग्रामीणों की मलेरिया जांच, हीमोग्लोबिन, रक्तचाप एवं शुगर की जांच कर आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श भी दिया गया।
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने ग्रामीणों को मलेरिया से बचाव के उपाय बताते हुए कहा कि बुखार आने पर किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें और तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर मलेरिया की जांच कराएं। उन्होंने प्रत्येक ग्रामीण से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मलेरिया के प्रति जागरूक करने की अपील की, ताकि जिले को मलेरिया मुक्त बनाने के अभियान को मजबूती मिल सके।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विकसित भारत जन-जन अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेयजल व्यवस्था सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की। उन्होंने बरलगान पारा निवासी रामसनेही मरावी के घर पहुंचकर पेयजल, आवास और अन्य योजनाओं के लाभ की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने कलेक्टर के समक्ष बरलगान पारा तक सड़क निर्माण की लंबे समय से चली आ रही मांग रखी। कलेक्टर ने मांग को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सड़क निर्माण के लिए शीघ्र कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
निरीक्षण के दौरान वनमंडलाधिकारी ग्रीष्मी चांद, भारतीय वन सेवा प्रशिक्षु अधिकारी गौतम पडिभार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे, एसडीएम पेंड्रारोड अमित बेक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामेश्वर शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




