विकास नंद/सर्वव्यापी

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से ठीक पहले जिला प्रशासन ने तैयारियों को लेकर सक्रियता बढ़ा दी है। आगामी 15 नवंबर से शुरू होने वाली खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की धान खरीदी को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने अंतर्राज्यीय जांच चौकी टुहलु एवं नवीन धान उपार्जन केंद्र बोईरगांव का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।टुहलु जांच चौकी के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से वाहनों की जांच, ड्यूटी व्यवस्था और निगरानी की जानकारी ली। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि दूसरे राज्यों से अवैध रूप से धान लाने और बिचौलियों के माध्यम से जिले में खपाने की कोशिशों पर प्रभावी रोक लगाई जाए। संदिग्ध वाहनों की नियमित जांच कर अवैध धान परिवहन पाए जाने पर तत्काल जब्ती सहित नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निगरानी और जांच व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।इसके बाद कलेक्टर ने नवीन धान उपार्जन केंद्र बोईरगांव पहुंचकर खरीदी की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने पेयजल, छायादार स्थान, बैठने की व्यवस्था, पर्याप्त बारदाना, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, नमी मापक यंत्र और धान के सुरक्षित भंडारण जैसी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने कहा कि धान बेचने आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। टोकन के अनुसार व्यवस्थित खरीदी, गुणवत्ता एवं नमी का निर्धारित मापदंडों पर परीक्षण और तौल प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूरी करने तथा कर्मचारियों को जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में पारदर्शी, समयबद्ध और सुचारू खरीदी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि 15 नवंबर से किसान बिना किसी परेशानी के अपनी उपज बेच सकें।निरीक्षण के दौरान एसडीएम नमिता मारकोले सहित राजस्व, मंडी, पुलिस एवं खाद्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।




