Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

अवैध शराब के कारोबार पर आबकारी विभाग का बड़ा प्रहार, 132 आरोपी गिरफ़्तार, कलेक्टर लंगेह के निर्देश पर जिलेभर में चला विशेष अभियान।

विकास नंद/सर्वव्यापी

जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 132 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान विभागीय टीम ने 223 लीटर अवैध शराब, शराब बनाने में प्रयुक्त 90 किलोग्राम महुआ लाहन और दो वाहनों को जब्त किया है।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार तथा जिला आबकारी अधिकारी रमेश कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में यह अभियान चलाया जा रहा है। आबकारी विभाग की टीम ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश देकर अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की।आबकारी वृत्त महासमुंद शहर के ग्राम नयापारा में अरुण निहाल के रिहायशी मकान से 9 लीटर देशी प्लेन शराब तथा गुरुनानक वार्ड में रंजीत सिंह के कब्जे से 7 लीटर विदेशी मदिरा जब्त की गई। महासमुंद ग्रामीण वृत्त के ग्राम पचेड़ा में भूपेन्द्र कुमार निषाद के मकान से 12 लीटर देशी शराब बरामद हुई।इसी तरह बागबाहरा के वार्ड क्रमांक 11 में अशोक बघेल के मकान से 5 लीटर देशी प्लेन मदिरा, पिथौरा वृत्त के ग्राम कसहीबहारा में प्रवीण बंजारे के मकान से 6 लीटर महुआ शराब तथा सरायपाली वृत्त के ग्राम बालसी में कौशल्या ओगरे के मकान से 13 लीटर महुआ शराब जब्त की गई।जिलेभर में की गई इन कार्रवाइयों में कुल 132 आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। विभाग के अनुसार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

अवैध शराब की शिकायत के लिए जारी किए हेल्पलाइन नंबर

आबकारी विभाग ने अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के साथ आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। नागरिक जिला टोल फ्री नंबर 07723-299317 और राज्य स्तरीय टोल फ्री नंबर 14405 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!