
विकास नंद/सर्वव्यापी

अवैध सूदखोरी, भयादोहन और जबरन वसूली के मामले में बसना पुलिस ने रायपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुलदीप सिंह छाबड़ा उर्फ ‘भेज्जा सरदार’ को गिरफ्तार किया है। आरोपी के मोवा स्थित डॉल्फिन प्लाजा के फ्लैट में पुलिस ने दबिश देकर तलाशी ली, जहां से विभिन्न व्यक्तियों के हस्ताक्षरित 160 ब्लैंक चेक, 48 ब्लैंक स्टांप, 27 एटीएम/डेबिट/क्रेडिट कार्ड और जमीन से संबंधित 9 ऋण पुस्तिकाएं एवं दस्तावेज बरामद हुए हैं।पुलिस के अनुसार, मामले की शुरुआत ग्राम बंसुलाडीपा निवासी विनोद चौहान की शिकायत से हुई। पीड़ित ने अपनी गाड़ी बनवाने के लिए आरोपी कुलदीप सिंह छाबड़ा से 42 हजार रुपये उधार लिए थे। आरोप है कि रकम देते समय आरोपी ने औपचारिकता के नाम पर पीड़ित और उसके भाई के हस्ताक्षरयुक्त खाली चेक, बैंक पासबुक और आधार कार्ड की प्रतियां अपने पास रख ली थीं।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने फोन-पे के माध्यम से आठ महीने में 40 हजार रुपये और घर के बर्तन तथा सोना-चांदी बिकवाकर 25 हजार रुपये नकद वसूल किए। इस तरह 42 हजार रुपये के मूलधन के बदले 65 हजार रुपये वसूलने के बावजूद खाली चेक वापस नहीं किए। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने पीड़ित के घर पहुंचकर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए खाली चेकों में मनमानी रकम भरकर न्यायालय में प्रकरण दर्ज कराने का भय दिखाया।
रायपुर स्थित मकान से मिला दस्तावेजों का जखीरा
मामले की गंभीरता को देखते हुए 13 नवंबर को बसना पुलिस की टीम ने रायपुर के मोवा स्थित डॉल्फिन प्लाजा के फ्लैट क्रमांक A-302 में दबिश दी। तलाशी के दौरान 160 हस्ताक्षरित ब्लैंक चेक, 48 ब्लैंक स्टांप, 9 ऋण पुस्तिका एवं जमीन के दस्तावेज, 27 एटीएम/डेबिट/क्रेडिट कार्ड, 24 बैंक पासबुक, ब्याज के लेन-देन का हिसाब रखने वाली दो डायरियां, दो नोट कॉपियां और 1 लाख 20 हजार रुपये नकद जब्त किए गए। इसके अलावा मोबाइल फोन और नकदी जमा करने से संबंधित बैंक पर्चियां भी बरामद हुई हैं।कई अन्य लोगों के भी सूदखोरी के जाल में फंसे होने की आशंकाआरोपी के कब्जे से बड़ी संख्या में अलग-अलग व्यक्तियों के हस्ताक्षरित चेक, बैंक पासबुक और जमीन के दस्तावेज मिलने के बाद पुलिस की जांच का दायरा बढ़ गया है। अब पुलिस इन दस्तावेजों और बैंक खातों की पड़ताल कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कथित अवैध सूदखोरी और भयादोहन के इस मामले में कितने अन्य लोग प्रभावित हुए हैं।
पुलिस ने आरोपी कुलदीप सिंह छाबड़ा उर्फ भेज्जा सरदार (53 वर्ष), निवासी डॉल्फिन प्लाजा, मोवा, रायपुर को गिरफ्तार कर लिया है। उसके विरुद्ध थाना बसना में अपराध क्रमांक 636/2026 के तहत बीएनएस की धारा 308(2), 296, 351(2) एवं छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम की धारा 4 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।



