GPMNewsछत्तीसगढ़

गैस वितरण में गड़बड़ी मिली तो खैर नहीं, कालाबाजारी और अतिरिक्त वसूली पर होगी कड़ी कार्रवाई।

नूर मोहम्मद,जिला ब्यूरोचीफ,गौरेला-पेंड्रा-मरवाही(सर्वव्यापी)

एलपीजी गैस उपभोक्ताओं को निर्बाध और सुचारू गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए वैकल्पिक व्यवस्था लागू कर दी है। गैस वितरण को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बीच प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि कालाबाजारी, लापरवाही अथवा उपभोक्ताओं से अतिरिक्त शुल्क की वसूली किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसी शिकायत या अनियमितता सामने आने पर संबंधित गैस एजेंसी संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर के निर्देश पर जिला खाद्य अधिकारी श्वेता अग्रवाल की अध्यक्षता में इंडेन गैस कंपनी के सेल्स ऑफिसर राहुल देवांगन तथा जिले के सभी एलपीजी गैस एजेंसी संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की गैस वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराने तथा शिकायतों के त्वरित निराकरण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

सियाराम गैस एजेंसी को लेकर मिली शिकायतों के बाद वैकल्पिक व्यवस्था

प्रशासन के अनुसार पिछले कुछ समय से सियाराम गैस एजेंसी, गौरेला की सेवाओं और गैस वितरण व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं से शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। उपभोक्ताओं की सुविधा और जनहित को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था शुरू की है।इसके तहत सियाराम गैस एजेंसी से संबंधित उपभोक्ताओं की बुकिंग को आसपास की समीपस्थ गैस एजेंसियों में ट्रांसफर करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इससे संबंधित उपभोक्ताओं को गैस रिफिल के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

होम डिलीवरी में लापरवाही पर भी होगी कार्रवाई

बैठक में समीपस्थ गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए कि ट्रांसफर किए गए उपभोक्ताओं की बुकिंग स्वीकार कर निर्धारित समय-सीमा में गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी सुनिश्चित करें। साथ ही गैस वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस वितरण के दौरान कालाबाजारी, अनियमितता, लापरवाही या अतिरिक्त शुल्क की वसूली की शिकायत सामने आने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अफवाहों पर ध्यान न दें उपभोक्ता

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों और एलपीजी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे गैस आपूर्ति को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा घबराहट पर ध्यान न दें। प्रशासन का कहना है कि घरेलू गैस की निरंतर आपूर्ति बनाए रखने के लिए आवश्यक वैकल्पिक प्रबंध किए गए हैं और सिलेंडरों का वितरण व्यवस्थित रूप से जारी रहेगा।*शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी*यदि किसी उपभोक्ता को गैस बुकिंग अथवा रिफिल प्राप्त करने में परेशानी होती है, तो वे इंडेन गैस कंपनी के राष्ट्रीय टोल-फ्री नंबर 1800-2333-555 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा त्वरित समाधान के लिए इंडेन गैस कंपनी के सेल्स ऑफिसर राहुल देवांगन से मोबाइल नंबर 7828842315 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!