
बिलासपुर, भागवत प्रसाद, ब्यूरो चीफ सर्वव्यापी

छत्तीसगढ़ की मातृभाषा, लोकसंस्कृति और भाषाई अस्मिता को नई पहचान देने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। छत्तीसगढ़ राजभाषा दिवस (28 नवंबर) के अवसर पर संस्कृति विभाग एवं छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के माध्यम से प्रदेशभर में पहली बार शासकीय स्कूलों से लेकर महाविद्यालयों तक व्यापक स्तर पर ‘महतारी भाषा सम्मान सप्ताह’ का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग ने 25 नवंबर 2026 को विधिवत आदेश जारी कर प्रदेश के समस्त जिला कलेक्टरों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 27 नवंबर से 5 दिसंबर 2026 तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में छत्तीसगढ़ी एवं स्थानीय महतारी भाषाओं को लेकर निबंध, भाषण, वाद-विवाद और लोकगीत प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।जारी आदेश के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों के मिडिल स्कूल, हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। 27 नवंबर को निबंध प्रतियोगिता, 30 नवंबर को भाषण प्रतियोगिता, 1 दिसंबर को वाद-विवाद प्रतियोगिता, 2 दिसंबर को लोकगीत प्रतियोगिता, 3 दिसंबर को निबंध प्रतियोगिता तथा 4 दिसंबर को भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वहीं 5 दिसंबर को महाविद्यालय स्तर पर वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन निर्धारित किया गया है। 28 नवंबर को रायपुर में छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग द्वारा राज्य स्तरीय महतारी भाषा सम्मान सप्ताह के अंतर्गत छत्तीसगढ़ी दिवस कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।इस आयोजन की विशेषता यह है कि प्रतियोगिताओं में केवल छत्तीसगढ़ी भाषा ही नहीं, बल्कि संबंधित जिले एवं स्थानीय क्षेत्र में प्रचलित स्थानीय महतारी भाषाओं और बोलियों को भी शामिल किया गया है। निबंध प्रतियोगिता में अधिकतम 200 शब्दों की सीमा निर्धारित की गई है, जबकि भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के लिए पांच मिनट का समय तय किया गया है। लोकगीत प्रतियोगिता में प्रतिभागी वाद्ययंत्रों के साथ भी अपनी प्रस्तुति दे सकेंगे। प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को संस्कृति विभाग द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं प्रमाण पत्र के माध्यम से सम्मानित किया जाएगा।इस ऐतिहासिक पहल का छत्तीसगढ़िया एकता मंच ने स्वागत करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल तथा छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के प्रति आभार व्यक्त किया है। मंच के प्रदेशाध्यक्ष तरुण कौशिक ने कहा कि छत्तीसगढ़ की भाषा, संस्कृति, परंपरा और लोक विरासत को संरक्षित करने के लिए इस तरह का आयोजन लंबे समय से आवश्यक महसूस किया जा रहा था। पहली बार प्रदेश के स्कूलों से लेकर महाविद्यालयों तक महतारी भाषा को केंद्र में रखकर इतने व्यापक स्तर पर प्रतियोगिताओं का आयोजन होना छत्तीसगढ़ की भाषाई पहचान को नई दिशा देने वाला कदम है।तरुण कौशिक ने कहा कि छत्तीसगढ़ी केवल बोलचाल की भाषा नहीं, बल्कि यहां की माटी, संस्कृति, परंपरा, लोकजीवन और सामाजिक पहचान का अभिन्न हिस्सा है। प्रदेश के अलग-अलग अंचलों में प्रचलित स्थानीय भाषाओं और बोलियों को भी इस आयोजन में स्थान देना विशेष महत्व रखता है। इससे नई पीढ़ी अपनी मातृभाषा के प्रति जागरूक होगी और अपनी भाषाई विरासत को समझने तथा आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित होगी।उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल से लेकर संस्कृति विभाग और छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग तक इस पहल को मूर्तरूप देने में जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़िया एकता मंच मातृभाषा के सम्मान, संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने उम्मीद जताई कि महतारी भाषा सम्मान सप्ताह केवल एक आयोजन बनकर सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले वर्षों में यह प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और भाषाई गौरव का स्थायी उत्सव बनेगा।अब छत्तीसगढ़ के स्कूलों और महाविद्यालयों में पढ़ने वाली नई पीढ़ी अपनी महतारी भाषा में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेगी। यह पहल छत्तीसगढ़ की माटी की भाषा को सम्मान देने के साथ ही आने वाली पीढ़ियों तक अपनी सांस्कृतिक विरासत पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।




