
विकास नंद/सर्वव्यापी
रायगढ़ से सरायपाली के बीच नेशनल हाईवे की बदहाल स्थिति को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सोशल मीडिया के माध्यम से भाजपा सरकार पर चुटकी लेते हुए सवाल खड़े किए हैं। बैज द्वारा साझा किए गए वीडियो और फोटो में सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे, जमा पानी और उखड़ी हुई सड़क दिखाई दे रही है। पोस्ट में एक वाहन को खराब सड़क के कारण परेशान होते हुए भी दिखाया गया है।
दीपक बैज ने सोशल मीडिया पोस्ट में तंज कसते हुए लिखा—“आज रायगढ़ से सरायपाली के बीच भाजपा सरकार के बदहाल व खराब सड़क के शिकार हम भी हो गए।” उनके इस पोस्ट के बाद सड़क की स्थिति को लेकर राजनीतिक बहस तेज होने के साथ ही आम लोगों की परेशानियों का मुद्दा भी सामने आया है।वीडियो में बारिश के बाद सड़क की हालत बेहद खराब नजर आ रही है। कई स्थानों पर सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भरा हुआ है, जबकि उखड़ी हुई गिट्टियां और कीचड़ वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनती दिखाई दे रही हैं। वाहन के पहिए के पास सड़क की स्थिति का दृश्य इस बदहाली को स्पष्ट रूप से सामने रखता है।
सरकार के सड़क विकास के दावों पर उठे सवाल
दीपक बैज के इस सोशल मीडिया पोस्ट को कांग्रेस ने भाजपा सरकार के सड़क विकास संबंधी दावों पर सवाल उठाने के लिए इस्तेमाल किया है। पोस्ट के जरिए यह संदेश देने का प्रयास किया गया है कि बड़े-बड़े विकास कार्यों और बेहतर सड़क व्यवस्था के दावों के बीच जमीनी स्तर पर कई प्रमुख मार्ग बदहाल स्थिति में हैं।रायगढ़ और सरायपाली के बीच आवागमन करने वाले लोगों के लिए यह मार्ग महत्वपूर्ण है। सड़क पर गड्ढों और जलभराव की स्थिति बनी रहने से वाहन चालकों को न केवल परेशानी का सामना करना पड़ता है, बल्कि दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। ऐसे में सड़क की मरम्मत और रखरखाव को लेकर संबंधित विभाग की जिम्मेदारी पर भी सवाल उठना स्वाभाविक है।
दीपक बैज की तस्वीर और वीडियो पोस्ट ने एक बार फिर सड़क की बदहाली को राजनीतिक मुद्दा बना दिया है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस स्थिति को लेकर कब तक ठोस कदम उठाता है।




