
विकास नंद/सर्वव्यापी
बस्तर क्षेत्र के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने, उनकी खेल प्रतिभा को निखारने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बस्तर ओलंपिक के तीसरे संस्करण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। प्रतियोगिता के लिए 1 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक पंजीयन किए जाएंगे। तीन चरणों में होने वाले आयोजन में विकासखंड स्तर की प्रतियोगिताएं नवंबर में आयोजित की जाएंगी।खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने बस्तर संभाग के आयुक्त और सभी जिलों के कलेक्टरों को आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक युवाओं को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए हैं।
14 से 17 वर्ष के जूनियर, महिला-पुरुष सीनियर वर्ग में लेंगे हिस्सा
बस्तर ओलंपिक में जूनियर वर्ग के अंतर्गत 14 से 17 वर्ष आयु के बालक-बालिकाएं तथा सीनियर वर्ग में महिला और पुरुष प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। नक्सल हिंसा में दिव्यांग हुए प्रतिभागियों और पुनर्वासित सदस्यों की भागीदारी सीधे संभाग स्तर पर सुनिश्चित की जाएगी।तीन चरणों में होंगे आयोजनपंजीयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रतियोगिताएं चरणबद्ध तरीके से आयोजित की जाएंगी। विकासखंड स्तर पर 1 से 13 नवंबर, जिला स्तर पर 16 से 25 नवंबर तथा संभाग स्तर पर 7 से 11 दिसंबर तक प्रतियोगिताएं प्रस्तावित हैं।
11 खेलों में होंगी प्रतियोगिताएं
बस्तर ओलंपिक में एथलेटिक्स के तहत 100, 200 और 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो और 4×100 मीटर रिले जैसी स्पर्धाएं होंगी। इसके अलावा तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, कराते, कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल में भी खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।हॉकी और वेटलिफ्टिंग का आयोजन सीधे जिला स्तर पर किया जाएगा। वहीं सीनियर महिला वर्ग में रस्साकसी को प्रदर्शनात्मक खेल के रूप में शामिल किया गया है।
दो संस्करणों में लाखों युवाओं ने लिया हिस्सा
बस्तर के युवाओं को खेल के माध्यम से मुख्यधारा से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को पहचानकर उन्हें खिलाड़ी के रूप में तैयार करने के उद्देश्य से राज्य शासन ने वर्ष 2024 में बस्तर ओलंपिक का पहला संस्करण आयोजित किया था। इसमें 1 लाख 65 हजार खिलाड़ियों ने भागीदारी की थी।वर्ष 2025 में आयोजित दूसरे संस्करण में 3 लाख 91 हजार खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया। युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए पहले संस्करण के विशिष्ट प्रदर्शन वाले 13 खिलाड़ियों और दूसरे संस्करण के 18 खिलाड़ियों को यूथ आइकॉन के रूप में चिन्हित किया गया था।तीसरे संस्करण के जरिए बस्तर के अधिक से अधिक युवाओं को खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिलने की उम्मीद है।



