Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

धान खरीदी केंद्रों से बैरियर तक कलेक्टर की नजर, अवैध धान परिवहन पर सख्ती के साथ बारिश से प्रभावित फसलों का सर्वे कराने के निर्देश।

विकास नंद/ सर्वव्यापी

जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू, पारदर्शी और किसान हितैषी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने रविवार को बागबाहरा विकासखंड के विभिन्न धान खरीदी केंद्रों एवं बैरियरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पटपरपाली, नर्रा और कोमाखान धान खरीदी केंद्रों के साथ टेमरी एवं नर्रा बैरियर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्रों में किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, खरीदी प्रक्रिया, उपार्जित धान के रखरखाव और आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र प्रभारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी केंद्रों में निर्धारित प्रक्रिया के तहत पारदर्शी तरीके से धान खरीदी सुनिश्चित की जाए।

इस दौरान कलेक्टर ने खरीदी केंद्रों में पहुंचे किसानों से भी चर्चा की। किसानों ने असामयिक बारिश के कारण धान की फसल प्रभावित होने की जानकारी दी। इस पर कलेक्टर ने संबंधित तहसीलदार को प्रभावित फसलों का सर्वे कर आवश्यक प्रकरण तैयार करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने बारिश और नमी से धान को सुरक्षित रखने के लिए खरीदी केंद्रों में पानी निकासी की समुचित व्यवस्था करने तथा पर्याप्त संख्या में तिरपाल उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्रों में जलभराव की स्थिति नहीं बननी चाहिए। उपार्जित धान के ढेर और बोरों को नमी से बचाने के लिए आवश्यकतानुसार तिरपाल से ढककर रखा जाए, ताकि बारिश अथवा मौसम में बदलाव से धान को नुकसान न पहुंचे।उन्होंने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकता है। किसानों को समय पर टोकन उपलब्ध कराने, सुगम खरीदी प्रक्रिया अपनाने और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अवैध धान परिवहन पर रहेगी पैनी नजर

कलेक्टर लंगेह ने टेमरी एवं नर्रा बैरियर का निरीक्षण कर अवैध धान परिवहन और अनधिकृत भंडारण पर नियंत्रण के लिए की जा रही निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को बैरियरों पर लगातार निगरानी रखने और दूसरे राज्यों सहित अन्य क्षेत्रों से आने वाले धान के परिवहन पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को प्रभावित करने वाली अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए। संदिग्ध वाहनों की जांच कर आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण किया जाए तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।

कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा धान खरीदी केंद्रों एवं बैरियरों का नियमित निरीक्षण जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना और धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!