Newsछत्तीसगढ़बलौदा बाजार

शहीद वीर नारायण सिंह की शहादत दिवस पर 10 दिसंबर को सोनाखान पहुंचेंगे मुख्यमंत्री साय, क्षेत्रवासियों ने रखीं नौ प्रमुख मांगें, 8 से 10 दिसंबर तक तीन दिवसीय वीर मड़ई मेला एवं श्रद्धांजलि समारोह का होगा आयोजन।

बया/ विकास अवस्थी/ सर्वव्यापी

छत्तीसगढ़ के प्रथम शहीद वीर नारायण सिंह की जन्मभूमि ग्राम सोनाखान में आगामी 8, 9 एवं 10 दिसंबर को तीन दिवसीय वीर मड़ई मेला एवं शहादत दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा। सर्व समाज, छत्तीसगढ़ शासन एवं जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में 8 और 9 दिसंबर को वीर मड़ई मेले का आयोजन होगा, जबकि 10 दिसंबर को शहीद वीर नारायण सिंह का शहादत एवं श्रद्धांजलि दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सोनाखान पहुंचने की संभावना है।इसी सिलसिले में 21 नवंबर 2026 को ग्राम पंचायत सोनाखान के प्रतिनिधिमंडल एवं ग्राम प्रमुखों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने सोनाखान क्षेत्र की वर्षों से लंबित समस्याओं और विकास कार्यों से संबंधित मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।सोनाखान की नौ प्रमुख समस्याओं और मांगों पर हुई चर्चा

1. जर्जर सड़कों के जीर्णोद्धार की मांग: प्रतिनिधिमंडल ने महाराजी सोनाखान जोक नदी वीर सेतु पुल से सोनाखान तक 5 किलोमीटर, सोनाखान से वीरनारायणपुर-नवागांव बाजार तक 12 किलोमीटर तथा सोनाखान से कसौदी-राजादेवरी तक 12 किलोमीटर लंबी सड़कों के तत्काल जीर्णोद्धार की मांग की। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में कलेक्टर कुलदीप शर्मा से मोबाइल पर चर्चा की। कलेक्टर ने कार्य कराने का आश्वासन दिया, जिसके लिए ग्राम प्रमुखों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।

2. शहीद स्मारक मंच एवं खेल मैदान से अतिक्रमण हटाने की मांग: शहीद वीर नारायण सिंह के शहादत एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम स्थल तथा खेल मैदान की भूमि पर अतिक्रमण का मुद्दा उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार वर्ष 1984-85 में मध्यप्रदेश शासन के दौरान तत्कालीन रायपुर कलेक्टर अजीत जोगी के कार्यकाल में भानमती केवट एवं तुलसी कंवर की दर्ज भूमि कार्यक्रम मंच एवं खेल मैदान के लिए हस्तांतरित की गई थी। इसके एवज में दोनों किसानों को दूसरी भूमि दी गई थी। वर्तमान में इस भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत करते हुए उसे हटाने और कार्यक्रम स्थल के जीर्णोद्धार की मांग की गई।

3. शासकीय नवीन महाविद्यालय भवन निर्माण: शहीद वीर नारायण सिंह शासकीय नवीन महाविद्यालय के लिए स्थायी भवन निर्माण की मांग रखी गई। प्रतिनिधिमंडल ने 10 दिसंबर को मुख्यमंत्री से भवन निर्माण के लिए शासकीय राशि की घोषणा एवं स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया।

4. जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा खोलने की मांग: सोनाखान क्षेत्र के किसानों एवं ग्रामीणों की सुविधा के लिए जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की शाखा खोलने की मांग की गई। बताया गया कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा इसकी घोषणा की गई थी। प्रतिनिधिमंडल ने वर्तमान मुख्यमंत्री से इसे स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया।

5. मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना शुरू कराने की मांग: मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से पूछा कि 10 दिसंबर 2025 को घोषित मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत सोनाखान में बस सेवा शुरू हुई है या नहीं। ग्रामीणों ने बताया कि अब तक क्षेत्र में बसों का संचालन शुरू नहीं हुआ है। इस पर मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए जल्द बस सेवा शुरू कराने की बात कही।

6. कुर्रूपाठ तक सड़क निर्माण: शहीद वीर नारायण सिंह के इष्ट देवी-देवताओं के स्थल एवं वर्ष 1857 के ऐतिहासिक युद्धस्थल कुर्रूपाठ तक पहुंच मार्ग निर्माण की मांग की गई, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आवागमन में सुविधा मिल सके।

7. प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का जीर्णोद्धार: सोनाखान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन के जीर्णोद्धार के लिए 10 दिसंबर 2025 को मुख्यमंत्री द्वारा 75 लाख रुपये की स्वीकृति दिए जाने का उल्लेख करते हुए प्रतिनिधिमंडल ने कार्य की प्रगति की जानकारी चाही। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में कलेक्टर से जानकारी मांगी।

8. पुलिस चौकी के नवीन भवन की मांग: सोनाखान पुलिस चौकी वर्तमान में अस्थायी भवन में संचालित हो रही है। सीमित जगह के कारण पुलिस कर्मचारियों को कार्यालयीन कार्यों एवं अपराधियों को रखने में परेशानी होती है। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस चौकी के लिए नवीन भवन निर्माण की मांग रखी।

9. डिजिटल क्रॉप सर्वे की त्रुटियां दूर करने की मांग: सोनाखान तहसील क्षेत्र के किसानों ने एग्रीस्टैक के तहत पंजीयन कराने के बावजूद डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS) में त्रुटियों के कारण धान खरीदी में आ रही परेशानियों का मुद्दा उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर से आग्रह किया कि पटवारी, तहसीलदार एवं एसडीएम के माध्यम से सर्वे संबंधी त्रुटियों का निराकरण 10 दिसंबर से पहले सुनिश्चित कराया जाए, ताकि किसानों को धान बेचने में परेशानी न हो।

तीन दिनों तक छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की दिखेगी झलक

शहीद वीर नारायण सिंह की जन्मभूमि सोनाखान में आयोजित वीर मड़ई मेले के दौरान तीन दिनों तक छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला एवं संस्कृति की छटा बिखरेगी। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी लोककला मंच, करमा, ददरिया एवं सुवा नृत्य, नुक्कड़ नाटक, कलश पूजन, शोभायात्रा, कुर्रूपाठ देव पूजा यात्रा तथा कीर्तन-भजन जैसे सांस्कृतिक आयोजन होंगे।

10 दिसंबर को शहादत दिवस पर प्रदेशभर से जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, समाज प्रमुख एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु सोनाखान पहुंचकर अमर शहीद वीर नारायण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

सोनाखान के ग्राम प्रमुखों एवं क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री के आगमन से क्षेत्र की वर्षों पुरानी विकास संबंधी समस्याओं के समाधान का रास्ता खुलेगा और शहीद की जन्मभूमि को विकास की नई सौगात मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!