Newsछत्तीसगढ़

सांसदों और पूर्व संसदीय सचिव की चिट्ठियां भी बेअसर, कुम्हारी टोल प्लाजा पर आज भी जारी है वसूली!

तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

रायपुर से दुर्ग-भिलाई होते हुए नागपुर जाने वाले मार्ग पर कुम्हारी में संचालित टोल प्लाजा एक बार फिर सवालों के घेरे में है। निर्धारित अवधि समाप्त होने के वर्षों बाद भी टोल वसूली जारी रहने से वाहन चालकों में नाराजगी है। हैरानी की बात यह है कि इस टोल प्लाजा को बंद कराने के लिए जनप्रतिनिधियों द्वारा केंद्रीय स्तर पर पहल किए जाने और संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाने के बावजूद आज तक टोल वसूली बंद नहीं हुई है।इस मामले को लेकर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, दुर्ग सांसद विजय बघेल और पूर्व संसदीय सचिव विकास उपाध्याय ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर कुम्हारी टोल प्लाजा को बंद कराने की मांग उठाई थी। बताया जाता है कि केंद्रीय मंत्री ने भी संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र लिखा था, लेकिन इन तमाम प्रयासों के बावजूद जमीनी स्तर पर स्थिति जस की तस बनी हुई है।उल्लेखनीय है कि वर्ष 2006 में शुरू हुए इस टोल प्लाजा की अवधि वर्ष 2015 में समाप्त होनी थी। रायपुर से भिलाई के बीच सड़क निर्माण और उसकी लागत की वसूली के लिए टोल व्यवस्था शुरू की गई थी। शुरुआत में भिलाई के नेहरू नगर और कुम्हारी में अलग-अलग टोल प्लाजा संचालित होते थे। बाद में नेहरू नगर स्थित टोल प्लाजा तो बंद कर दिया गया, लेकिन कुम्हारी टोल प्लाजा पर वसूली जारी रही। इसके साथ ही टोल की अवधि भी अलग-अलग समय पर आगे बढ़ती रही।अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब टोल प्लाजा की निर्धारित अवधि वर्ष 2015 में ही समाप्त होनी थी, तो आखिर किस आधार पर आज भी यहां टोल वसूली की जा रही है? सांसदों और पूर्व संसदीय सचिव के पत्राचार तथा केंद्रीय मंत्री के निर्देशों के बाद भी कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या संबंधित विभाग के पास टोल अवधि बढ़ाने और वसूली जारी रखने का कोई स्पष्ट आधार है?रायपुर, दुर्ग, भिलाई और आसपास के क्षेत्रों से प्रतिदिन गुजरने वाले हजारों वाहन चालकों को इस टोल से आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है। अब जरूरत है कि केंद्र और राज्य सरकार इस पूरे मामले की पारदर्शी जांच कराएं, टोल अवधि बढ़ाने के आदेश और अनुबंध सार्वजनिक करें तथा जनता को स्पष्ट बताएं कि कुम्हारी टोल प्लाजा आखिर कब तक संचालित रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!