GPMNewsछत्तीसगढ़

तिमाही परीक्षा परिणाम को लेकर कलेक्टर सख्त, कमजोर प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों की लगाई क्लास, वेतन वृद्धि रोकने और निलंबन कार्रवाई की चेतावनी।

नूर मोहम्मद,जिला ब्यूरो चीफ,गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (सर्वव्यापी)

जिले में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणाम बेहतर बनाने को लेकर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में कलेक्टर की अध्यक्षता में जिले के तीनों विकासखंडों गौरेला, पेण्ड्रा एवं मरवाही में अलग-अलग तारीखों पर तिमाही परीक्षा परिणाम की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठकों में विषयवार परीक्षा परिणामों की समीक्षा करते हुए कमजोर प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों एवं व्याख्याताओं को कड़ी फटकार लगाई गई तथा आगामी परीक्षाओं में परिणाम सुधारने के लिए सख्त निर्देश दिए गए।

गौरेला विकासखंड में 16 नवंबर को हुई समीक्षा

16 नवंबर को गौरेला विकासखंड के व्याख्याताओं की बैठक आयोजित की गई। इसमें तिमाही परीक्षा के विषयवार परिणामों की समीक्षा की गई। जिन विषयों में विद्यार्थियों का प्रदर्शन कमजोर पाया गया, वहां संबंधित व्याख्याताओं से जवाब-तलब किया गया। कलेक्टर ने शिक्षण कार्य में सुधार लाने और विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम बेहतर करने के निर्देश दिए।

पेण्ड्रा विकासखंड में 17 नवंबर को हुई बैठक

17 नवंबर को पेण्ड्रा विकासखंड के कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विषय शिक्षकों की समीक्षा बैठक ली गई। इसमें खराब परीक्षा परिणाम वाले शिक्षकों एवं व्याख्याताओं से वन-टू-वन चर्चा कर कमजोर प्रदर्शन के कारणों की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने संबंधित शिक्षकों को कड़ी फटकार लगाते हुए आगामी परीक्षाओं में बेहतर परिणाम देने के निर्देश दिए।

मरवाही विकासखंड में 23 नवंबर को हुई समीक्षा

23 नवंबर को मरवाही विकासखंड के कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड की कक्षाओं में अध्यापन कराने वाले शिक्षकों की बैठक आयोजित की गई। इसमें तिमाही परीक्षा परिणाम के साथ-साथ पिछले शैक्षणिक सत्र में संबंधित विषयों के परिणामों की भी तुलनात्मक समीक्षा की गई। कमजोर परिणाम देने वाले शिक्षकों को कड़ी चेतावनी देते हुए आगामी परीक्षाओं में सुधार नहीं होने पर कार्रवाई की हिदायत दी गई।मरवाही में आयोजित बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी संजय वर्मा तथा बालिका शिक्षा संकल्प अभियान के नोडल अधिकारी आलोक शुक्ला उपस्थित रहे।

शत-प्रतिशत परिणाम के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश

तीनों विकासखंडों की समीक्षा बैठकों में कलेक्टर ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत करने के उद्देश्य से विषयवार कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कमजोर विषयों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं संचालित करने, नियमित टेस्ट लेने तथा रेमेडियल शिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों की शैक्षणिक स्थिति में सुधार लाने पर जोर दिया।इसके साथ ही प्रत्येक विद्यार्थी की प्रगति की नियमित समीक्षा करने और कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि अगली परीक्षा तक परिणाम में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर संबंधित शिक्षकों की जवाबदेही तय की जाएगी।

सहायक शिक्षक विज्ञान से अध्यापन नहीं कराने के निर्देश

कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में व्याख्याताओं एवं विषय शिक्षकों की पर्याप्त संख्या उपलब्ध होने के बावजूद किसी भी विद्यालय में सहायक शिक्षक विज्ञान से अध्यापन कार्य नहीं कराया जाए। इस व्यवस्था का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा नियमित निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए।

वेतन वृद्धि रोकने और निलंबन तक की चेतावनी

समीक्षा बैठकों में कमजोर परीक्षा परिणाम देने वाले व्याख्याताओं को कलेक्टर ने कड़ी फटकार लगाई। साथ ही चेतावनी दी कि यदि आगामी परीक्षाओं में परिणाम में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित शिक्षकों की वेतन वृद्धि रोकने से लेकर निलंबन तक की कार्रवाई की जा सकती है।वहीं स्वामी आत्मानंद स्कूल मरवाही में अपेक्षाकृत कमजोर परीक्षा परिणाम सामने आने पर वहां के कुछ शिक्षकों के विरुद्ध सेवा समाप्ति की सिफारिश करने तक की चेतावनी दी गई।

कलेक्टर ने स्पष्ट संदेश दिया कि जिले में शिक्षा की गुणवत्ता और बोर्ड परीक्षा परिणामों में सुधार प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!