तरुण कौशिक ,संपादक सर्वव्यापी

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा महाराष्ट्र में रविवार को ‘भारतीय जनजातीय इतिहास का निर्माण, दृष्टिकोण, चुनौतियां और उभरते प्रतिमान’ विषय पर विशिष्ट व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर बंगाल विश्वविद्यालय, दार्जिलिंग के इतिहास विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सुदाश लामा ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने की। अध्यक्षीय उद्बोधन में कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने कहा कि जनजातीय इतिहास का लेखन केवल बाहरी दृष्टिकोण से नहीं, बल्कि जनजातीय समाज के अपने अनुभवों, संघर्षों और दृष्टि से किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इतिहास में स्वशासन के लिए किए गए जनजातीय विद्रोहों को किस प्रकार प्रस्तुत किया गया है, इस पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है। उन्होंने नागालैंड के सोलो आदिवासी समुदाय के साथ बिताए अपने अनुभव साझा करते हुए पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय और बंगाल के बोडो जनजातीय समुदायों का भी उल्लेख किया।प्रो. शर्मा ने कहा कि प्रकृति को मानवीय संवेदना और जीवन के सूत्र में समझने के लिए हमें जनजातीय समाज से सीखने की आवश्यकता है। जनजातीय समुदाय प्रकृति के सहचर हैं और उनका जीवन प्रकृति के साथ गहरे जुड़ाव का उदाहरण प्रस्तुत करता है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़े बिना विकसित भारत की परिकल्पना को साकार नहीं किया जा सकता। भारत में विश्व के बड़े जनजातीय समुदायों में से एक समुदाय निवास करता है, जिसके पास लौकिक ज्ञान, लोक संस्कृति और परंपरागत ज्ञान की समृद्ध विरासत है। इस ज्ञान परंपरा को समझने, संरक्षित करने और उससे सीखने की जरूरत है। उन्होंने विशेष रूप से जनजातीय समाज की पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों और उनके अनुभवजन्य ज्ञान को व्यापक स्तर पर समझने तथा उपयोगी बनाने पर बल दिया।कार्यक्रम के स्वागत वक्तव्य में छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. अवधेश कुमार ने कहा कि भारत सरकार एवं उच्च शिक्षा आयोग के निर्देशानुसार विश्वविद्यालय में समय-समय पर विभिन्न महत्वपूर्ण दिवसों और विषयों पर शैक्षणिक एवं बौद्धिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों और शोधार्थियों को भारतीय समाज, इतिहास और संस्कृति के विविध पक्षों को समझने का अवसर प्रदान करते हैं।मुख्य अतिथि डॉ. सुदाश लामा ने अपने विशिष्ट व्याख्यान में भारतीय जनजातीय इतिहास के निर्माण, उसके विभिन्न दृष्टिकोणों और इतिहास लेखन की चुनौतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने ऐतिहासिक तथ्यों के संदर्भ में ऋग्वेद में जनजातीय समुदायों से संबंधित उल्लेख एवं श्लोक का जिक्र करते हुए जनजातीय समाज की प्राचीनता और ऐतिहासिक उपस्थिति को रेखांकित किया। उन्होंने ब्रिटिश शासनकाल के दौरान जनजातीय समुदायों की स्थिति, उनके संघर्षों और औपनिवेशिक शासन के प्रभावों पर भी चर्चा की। व्याख्यान में जनजातीय जीवन पद्धति, रीति-रिवाज, परंपराओं और सांस्कृतिक विशेषताओं को विस्तार से समझाया गया। उन्होंने कहा कि आज जनजातीय समाज अपनी पहचान, परंपराओं और अनुभवों के आधार पर स्वयं अपना इतिहास लिख रहा है। इतिहास लेखन में जनजातीय समाज की आवाज और उनके अपने दृष्टिकोण को स्थान देना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।प्रमुख वक्ता डॉ. राकेश सिंह फकलियाल ने मुंडा जनजाति के इतिहास, सामाजिक संरचना, सांस्कृतिक परंपराओं और विशिष्ट पहचान पर प्रकाश डाला। उन्होंने मुंडा समाज की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि एवं जनजातीय अस्मिता के महत्व को रेखांकित किया।कार्यक्रम का संचालन डॉ. किरण कुम्भरे ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. मीरा निचले ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक, शोधार्थी, विद्यार्थी उपस्थित रहे।



