बया के वनांचल में युवक का नग्न शव मिलने से सनसनी, शरीर पर धारदार हथियार के निशान, पुलिस ने मांगी आमजन से मदद।

विकास अवस्थी, सर्वव्यापी, बया

बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पुलिस चौकी बया क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुरुमडीह और रायतुंम के बीच वनांचल मार्ग पर 31 अक्टूबर को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। लगभग 20 से 25 वर्ष आयु के युवक का शव नग्न अवस्था में बरामद हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक के शरीर पर धारदार हथियार, संभवतः चाकू से वार किए जाने के निशान पाए गए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस युवक की पहचान करने में जुटी है।
सीने और हाथों पर बने हैं टैटू
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष के बीच आंकी गई है। उसकी पहचान के लिए शरीर पर बने टैटू को महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है। युवक के सीने पर अंग्रेजी अक्षरों में ‘KP’ लिखा हुआ टैटू है। वहीं एक हाथ पर युवती का चित्र तथा दूसरे हाथ पर अन्य आकृति या चित्र बना हुआ है।
पुलिस ने आम नागरिकों से की अपील
पुलिस चौकी बया, थाना राजादेवरी अंतर्गत मिले अज्ञात युवक के शव की पहचान के लिए पुलिस ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है। यदि किसी व्यक्ति को मृतक के हुलिए, टैटू अथवा किसी हाल ही में लापता हुए युवक के संबंध में जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि मृतक की पहचान और घटना की जांच में सहायता मिल सके।
इन नंबरों पर दें सूचना
थाना प्रभारी, राजादेवरी : 79993 47550चौकी प्रभारी, बया : 79877 79644साइबर सेल, बलौदाबाजार : 84355 64176दृष्टि हेल्पलाइन : 94792 20392कंट्रोल रूम, बलौदाबाजार : 94791 90629पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मृतक की पहचान से जुड़ी कोई भी छोटी-बड़ी जानकारी मिलने पर तत्काल उपरोक्त नंबरों पर संपर्क करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की जानकारी जांच में उपयोगी हो सकती है।




