तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जांजगीर-चांपा जिले की बिहान दीदी श्रीमती पुष्पा महंत के आत्मनिर्भरता के प्रयासों और उनके द्वारा संचालित ‘होममेड पुष्पा’ के उत्पादों की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहन पत्र भेजा है। मुख्यमंत्री ने उनके परिश्रम, हुनर और महिला सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री से मिली इस सराहना ने न केवल पुष्पा महंत का उत्साह बढ़ाया है, बल्कि जिले की अन्य स्व-सहायता समूह की महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी है।राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान से जुड़कर ग्रामीण महिलाएं आज स्वरोजगार के माध्यम से अपनी अलग पहचान बना रही हैं। इसी कड़ी में जनपद पंचायत नवागढ़ अंतर्गत ग्राम खैरा (खोखसा) की पुष्पा महंत की सफलता प्रेरणादायक है। उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और हुनर से घरेलू उत्पाद निर्माण को आजीविका का माध्यम बनाया है।श्रीमती पुष्पा महंत वर्ष 2022 से मां लक्ष्मी महिला स्व-सहायता समूह से जुड़ी हुई हैं। बिहान योजना से जुड़ने के बाद उन्होंने स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाया और ‘होममेड पुष्पा’ के नाम से घरेलू उत्पादों का निर्माण शुरू किया। उनके द्वारा सर्फ, साबुन, डिटर्जेंट, डिशवॉश, शैम्पू, अगरबत्ती, फिनाइल सहित दैनिक उपयोग की विभिन्न सामग्रियां तैयार की जा रही हैं। उनके उत्पाद स्थानीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।*समूहों से जुड़कर मिली आगे बढ़ने की ताकत*पुष्पा महंत ने बताया कि वे मां लक्ष्मी महिला स्व-सहायता समूह के साथ संस्कृति महिला ग्राम संगठन एवं संगीनी महिला संकुल संगठन, खोखरा से जुड़कर अपने उद्यम को आगे बढ़ा रही हैं। बिहान मिशन के माध्यम से समय-समय पर मिले मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और सहयोग से उन्हें अपने कार्य को विस्तार देने में मदद मिली है। उन्होंने बताया कि सीआईएफ राशि 60 हजार, सीईएफ राशि 50 हजार ऋण और 15 हजार अनुदान राशि समूह को मिलाइसके माध्यम से उद्यमी दीदियों को आजीविका गतिविधि को आगे बढ़ाने का मौका मिलता है इस राशि से उनके घरेलू उद्यम को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।*छत्तीसगढ़ राज्य उत्सव में भी लगा उत्पादों का स्टॉल* पुष्पा महंत के उत्पादों को पहचान दिलाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ राज्य उत्सव हाईस्कूल मैदान में भी ‘होममेड पुष्पा’ का स्टॉल लगाया गया। यहां उनके द्वारा तैयार विभिन्न घरेलू उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। राज्य उत्सव जैसे बड़े आयोजन में अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर मिलना उनके उद्यम की बढ़ती पहचान और आत्मविश्वास को दर्शाता है।*ग्रामीण महिलाओं के लिए बनीं प्रेरणा*पुष्पा महंत की यह सफलता इस बात का उदाहरण है कि बिहान योजना के माध्यम से स्व-सहायता समूहों से जुड़कर ग्रामीण महिलाएं आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकती हैं। अपनी मेहनत, समूह के सहयोग और सरकारी योजनाओं से मिले अवसरों का लाभ उठाकर वे न केवल अपनी आजीविका मजबूत कर रही हैं, बल्कि अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बन रही हैं।इस उपलब्धि पर कलेक्टर जन्मेजय महोबे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयाम, जनपद पंचायत नवागढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बी.आर. वर्मा सहित जनपद पंचायत के अधिकारियों-कर्मचारियों एवं स्व-सहायता समूहों की दीदियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए पुष्पा महंत को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।




