तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा महाराष्ट्र के बिरसा मुंडा छात्रावास में रविवार को महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी एवं जननायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती श्रद्धा एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की माननीय कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।कार्यक्रम में छात्र अधिष्ठाता प्रो. अवधेश कुमार, मुख्य छात्रावास अध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन राय, बिरसा मुंडा छात्रावास के छात्रावास अधीक्षक डॉ. अभिषेक सिंह तथा डॉ. देवेंद्र कुमार की उपस्थिति रही। इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय के शिक्षक डॉ. योगेंद्र बाबू, राकेश सिंह फकलियाल, डॉ. रणंजय कुमार सिंह, डॉ. दत्तू राम देव एवं डॉ. तेजस्वी हेगड़े सहित बड़ी संख्या में शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा के ऐतिहासिक संघर्ष, सामाजिक चेतना और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए उनके अतुलनीय योगदान का स्मरण किया गया। बिरसा मुंडा ने औपनिवेशिक शासन, शोषण और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करते हुए जनजातीय समाज में स्वाभिमान, एकता और अधिकार चेतना का संचार किया। उनका जीवन और विचार जल, जंगल, जमीन, जनजातीय अस्मिता तथा सामाजिक न्याय के संघर्ष का सशक्त प्रतीक हैं।कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों ने भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को स्मरण करते हुए उनके संघर्ष और विचारों को वर्तमान सामाजिक परिप्रेक्ष्य में प्रासंगिक बताया। कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी को जनजातीय इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन में जनजातीय नायकों के योगदान तथा उनके सामाजिक-सांस्कृतिक मूल्यों से परिचित कराना रहा।इस प्रकार विश्वविद्यालय के बिरसा मुंडा छात्रावास में आयोजित यह कार्यक्रम जनजातीय गौरव, स्वाभिमान और सामाजिक न्याय के मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त करने का अवसर बना।




