
तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी
आखिरकार सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत किए जाने के बाद नगर निगम बिलासपुर के जोन क्रमांक-02 अंतर्गत तिफरा स्थित गोकने नाला में स्वीकृत सीसी रोड निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया है। लंबे समय से निर्माण कार्य शुरू होने का इंतजार कर रहे लोगों के लिए यह राहत भरी खबर है।स्थानीय स्तर पर सड़क निर्माण को लेकर उठाए गए सवालों और सीएम हेल्पलाइन में शिकायत के बाद अब निर्माण कार्य शुरू होने से उम्मीद जगी है कि क्षेत्रवासियों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। फिलहाल सड़क के एक तरफ सीसी रोड का निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया है।इस मामले में सबसे अहम सवाल यही है कि जब सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत था, तो इसके शुरू होने में देरी क्यों हुई? क्या संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराने के लिए सीएम हेल्पलाइन का सहारा लेना जरूरी था? यदि शिकायत के बाद निर्माण कार्य शुरू हो सकता है, तो फिर आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण में पहले तत्परता क्यों नहीं दिखाई गई?बहरहाल, गोकने नाला में सीसी रोड निर्माण की शुरुआत से क्षेत्र में विकास कार्य आगे बढ़ने की उम्मीद जगी है। अब देखना होगा कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा होता है या नहीं। साथ ही, सड़क के दूसरे हिस्से का निर्माण कब शुरू होगा, इस पर भी स्थानीय लोगों की निगाहें टिकी हुई हैं।




