
विकास नंद/सर्वव्यापी
छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और बेहतर उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न संवर्गों में नवनियुक्त 520 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और सेवाभाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि रोगियों की सेवा से बढ़कर कोई कार्य नहीं है। स्वास्थ्यकर्मी अपनी ड्यूटी को केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा और पुण्य का कार्य समझकर निभाएं। स्वस्थ नागरिक ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव हैं। सरकार शहरों के साथ-साथ ग्रामीण, जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों में भी गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
नवनियुक्त कर्मचारियों में 208 स्टाफ नर्स, 95 पुरुष ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक, 94 महिला ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक, 25 फार्मासिस्ट, 50 वार्ड बॉय और 48 वार्ड आया शामिल हैं। ये कर्मचारी प्रदेश के 14 जिलों में सेवाएं देंगे। इन नियुक्तियों से स्वास्थ्य विभाग में मानव संसाधन की उपलब्धता बढ़ेगी और मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं मिल सकेंगी।
स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि सभी 520 कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरी की गई है।




