
तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

छत्तीसगढ़ शासन ने राज्य स्थापना दिवस एवं राज्योत्सव-2026 के अवसर पर प्रदेश के सभी 32 जिलों में आयोजित होने वाले एक दिवसीय राज्योत्सव कार्यक्रमों के लिए मुख्य अतिथियों की सूची जारी कर दी है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 2 नवंबर 2026, सोमवार को जिला मुख्यालयों में आयोजित होने वाले समारोहों में केंद्रीय राज्य मंत्री, राज्य सरकार के मंत्री, सांसद और विधायक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।शासन द्वारा जारी सूची के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, बिलासपुर में उपमुख्यमंत्री अरुण साव तथा दुर्ग में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि होंगे। सरगुजा में मंत्री रामविचार नेताम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में मंत्री दयालदास बघेल, कांकेर में मंत्री केदार कश्यप, कोरबा में मंत्री लखनलाल देवांगन और जशपुर में मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल समारोह में मुख्य अतिथि की भूमिका निभाएंगे।इसी क्रम में रायगढ़ में मंत्री ओपी चौधरी, सूरजपुर में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, गरियाबंद में मंत्री टंकराम वर्मा तथा राजनांदगांव में मंत्री गजेंद्र यादव मुख्य अतिथि होंगे। कोरिया जिले में विधायक भैया लाल राजवाड़े को मुख्य अतिथि बनाया गया है।शासन के आदेश के मुताबिक, बीजापुर में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, बलौदाबाजार-भाटापारा में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, बेमेतरा में सांसद विजय बघेल, कवर्धा में सांसद संतोष पांडेय, बलरामपुर-रामानुजगंज में सांसद चिंतामणि महाराज, महासमुंद में सांसद रूपकुमारी चौधरी, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सांसद राधेश्याम राठिया, सक्ती में सांसद कमलेश जांगड़े, दंतेवाड़ा में सांसद महेश कश्यप, बालोद में सांसद भोजराज नाग, सुकमा में सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह तथा मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में सांसद लक्ष्मी वर्मा मुख्य अतिथि होंगे।वहीं, मुंगेली जिले में विधायक पुन्नूलाल मोहले, धमतरी में विधायक अजय चंद्राकर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में विधायक रेणुका सिंह, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में विधायक अमर अग्रवाल, कोंडागांव में विधायक लता उसेंडी, नारायणपुर में विधायक विक्रम उसेंडी तथा बस्तर में विधायक किरण देव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश में यह भी स्पष्ट किया है कि राज्योत्सव कार्यक्रमों का निर्धारण संबंधित मुख्य अतिथियों के परामर्श से किया जाएगा। साथ ही, राज्योत्सव के आयोजन के संबंध में पूर्व में जारी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा, सांस्कृतिक विरासत और उपलब्धियों को सामने लाने का अवसर मिलेगा। जिला मुख्यालयों में होने वाले समारोहों में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता के साथ राज्योत्सव को व्यापक रूप से आयोजित करने की तैयारी है।


